रीवा

सराफा कारोबारी पर डंडे से हमला कर बाइकर्स गैंग ने लूटा

गढ़ थाने के परासी मोड़ पर घटना, सोने-चांदी के जेवर से भरे बैग को लेकर बदमाश फरार

2 min read
Feb 24, 2020
सराफा कारोबारी पर डंडे से हमला कर बाइकर्स गैंग ने लूटा,सराफा कारोबारी पर डंडे से हमला कर बाइकर्स गैंग ने लूटा,सराफा कारोबारी पर डंडे से हमला कर बाइकर्स गैंग ने लूटा

रीवा. सराफा व्यापारी पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर सोने-चांदी के जेवरो से भरा बैग लूट लिया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तत्काल पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी की लेकिन उनका पता नहीं चल पाया हैं। घटना गढ़ थाने के परासी मोड़ की है।
गढ़ में थाने के समीप सराफा दुकान संचालित करने वाले मुनेंद्र सोनी निवासी मनकहरी प्रतिदिन की तरह दुकान में रखे सोने व चांदी के जेवर बैग में रखकर रात्रि करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर जा रहे थे। करीब 15 मिनट बाद वह जैसे ही गढ़ थाने के परासी मोड़ के समीप पहुंचे तभी दो बाइकों में सवार 4 बदमाशों ने उनको रोकने का प्रयास किया। उन्होंने अपनी गाड़ी नहीं रोकी तो बदमाशों ने उनका पीछा कर लिया। चलती गाड़ी में बदमाशों ने ऊपर डंडे से हमला किया जिससे व्यापारी घायल हो गए और गाड़ी सहित सड़क में गिर गए। बदमाशों ने उनके पास रखा जेवरों से भर बैग छीन कर चंपत हो गए। बैग में सोने व चांदी के काफी जेवर रखे हुए थे।

पीडि़त जेवर बनाने का काम भी करते हैं जिससे ग्राहकों के जेवर भी उनके पास मौजूद रहते है। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाश लाल रंग की दो बाइकों में सवार थे और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना देकर नाकाबंदी करवाई। घंटों पुलिस की चेकिंग जारी रही लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चला। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायल व्यापारी को लाया गया अस्पताल
इस घटना का शिकार हुए व्यापारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने तत्काल उनको उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक है। बदमाशों ने उनके सिर पर वार किया था जिससे उन्हें गंभीर चोट आई है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

रेकी कर दिया घटना को अंजाम
बदमाशों ने रेकी कर पूरी घटना को अंजाम दिया है। उनको व्यापारी के प्रतिदिन जेवर लेकर घर जाने की जानकारी थी। इसलिए सुनसान स्थान में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े थे। इस बात की संभावना भी जताई जा रही है कि शायद बदमाश उनकी दुकान भी गए थे जहां उन्होंने व्यापारी के पास होने वाले जेवरों के संबंध में भी जानकारी जुटाई होगी। पूरी योजना बनाकर उन्होंने घटना की है। पुलिस हाईवे में लूट की घटना को अंजाम देने वाले किसी बड़े गिरोह का हाथ होने की आशंका जता रही है।

Published on:
24 Feb 2020 11:35 pm
Also Read
View All