रीवा

भाजपा सांसद ने कहा-बैंकों के कियोस्क केन्द्रों पर संचालक गरीबों से वसूल रहे कमीशन

जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में कलेक्टर ने बैंक कर्मचारियों की कसी नकेल, कहा-शाखा प्रबंधक सर्विस एरिया का बहाना बनाकर नामंजूर कर रहे प्रकरण

2 min read
Jun 07, 2018
BJP MP said - Commission charged on Kiosks of banks
BJP MP said - Commission charged on Kiosks of banks

रीवा. जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यरूप से सरकार की सब्सिडी और कल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृत और अस्वीकृत पर बैंक कर्मचारियों के साथ मंथन किया गया। इस दौरान सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि गरीबों के कल्याण की योजनाएं बैंकों के माध्यम से लागू की जा रही हैं।

संचालकों की मनमानी हो कार्रवाई
बैंक अधिकारी प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना से तीन वर्षों में लाभांवित हितग्राहियों की सूची प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि बैंकों के कियोस्क केन्द्रों में गरीबों से कमीशन लिया जा रहा है। केन्द्रों पर हितग्राही द्वारा पैसा निकालने तथा जमा करने पर रसीद देने की व्यवस्था करें। लापरवाह कियोस्क संचालकों पर कार्यवाही की जाए।

निर्णय 15 दिवस के भीतर करें
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक ने कहा कि सभी बैंक अधिकारी ऋण प्रकरणों में संवेदनशीलता से कार्यवाही करें। हर प्रकरण के संबंध में स्वीकृति अथवा अस्वीकृति का निर्णय 15 दिवस के भीतर करें। प्रकरण नामंजूर करते समय उसमें कारण का स्पष्ट करें। बिना कारण प्रकरण अस्वीकृत करने वालों पर कार्यवाही की जाएगी। किसान क्रेडिट कार्ड योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं है। सभी बैंक अभियान चलाकर तीन महीने में अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दें।

कमीशन के मकडज़ाल में फंसी योजनाएं
सरकार की कल्याणकारी योजनाएं बैंक से लेकर विभागीय अधिकारियों की टेबल पर कमीशन के मकडज़ाल में फंसी हैं। चार दिन पहले जिला व्यापार एवं उद्योग विभाग कार्यालय में बाबू फाइल पास करने के नाम पर पांच हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया। इसके बावजूद कार्यालयों में बेरोजगारों की फाइलें धूल खा रही हैं। इसी तरह अन्य विभागों में छोटे-छोटे उद्यमियों के लिए सरकार की सब्सिडी वाली योजनाओं में कमीशनखोरी का काम चल रही है।

इन योजनाओं पर फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल बीमा योजना, कृषक उद्यमी योजनाएं, बैंक खातों में आधार फीडिंग सहित सभी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक रशमेन्द्र सक्सेना ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में जिपं सीइओ मयंक अग्रवाल, नाबार्ड तथा रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, सभी बैंकों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
07 Jun 2018 12:13 pm