रीवा

भाजपा रायशुमारी : रीवा विधानसभा के दावेदार आए सामने

मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक गिरीश गौतम, दिव्यराज सिंह के टिकट लगभग तय

2 min read
Oct 18, 2018
BJP referendum: Rewa assembly constituents come face to challenger
BJP referendum: Rewa assembly constituents come face to challenger

रीवा. भारतीय जनता पार्टी के आठ विधानसभा क्षेत्रों के दावेदारों से चर्चा करने पार्टी के पर्यवेक्षक भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा एवं प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल रघुवंशी बुधवार को रीवा पहुंचे। पार्टी कार्यालय में आयोजित रायशुमारी में जिले की आठ विधानसभा सीटों से लगभग 170 से अधिक दावेदारों को बुलाया गया था। इस दौरान पर्यवेक्षकों ने दावेदारों से चर्चा न कर उनको एक फार्म का वितरण किया। जिसमें तीन नाम तय करने थे। दावेदारों ने फार्म में तीन नाम भरे और उनका आधार भी बताया और बंद लिफाफे पर्यवेक्षकों को सौंप दिए। जिनकों लेकर वे भोपाल रवाना हो गए।


इस प्रक्रिया में पूर्व निधारित अनुसार प्रदेश कार्य समिति सदस्य, जिले के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष व महामंत्री, जनपद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, पूर्व मण्डल अध्यक्ष शामिल हुए। जिन्होंने अपनी तरफ से तीन नामों का पैनल तय किया। दावेदारों को प्राथमिकता क्रम में फार्म में दर्शाना था। सुबह से शुरू हुई यह प्रक्रिया शाम तक चली। इस दौरान भाजपा कार्यालय में गहमा-गहमी का माहौल रहा। कई दावेदार उस समय भी समर्थन मांगते नजर आए।

विधानसभावार संभावित तीन दावेदारों का पैनल
सेमरिया- केपी त्रिपाठी जनपद अध्यक्ष रीवा, वरिष्ठ नेता राम सिंह, लालमणि पाण्डेय
सिरमौर- विधायक दिव्यराज सिंह, वरिष्ठ नेता प्रदीप सिंह, महाबली गौतम
त्योंथर- सरोज तिवारी (विधायक रमाकांत की बहू), श्यामलाल द्विवेदी, राजेन्द्र गौतम
मनगवां- पूर्व विधायक पन्नाबाई प्रजापति, पंचूलाल प्रजापति, रामायण साकेत
मऊगंज- प्रदेश वार्ताकार राजेन्द्र मिश्र, प्रदीप पटेल (अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग), वरिष्ठ नेता अखण्ड प्रताप सिंह
देवतालाब- विधायक गिरीश गौतम, जिपं. उपाध्यक्ष विभा पटेल, युवा नेता विवेक गौतम
गुढ़़- पूर्व विधायक नागेन्द्र सिंह, पूर्व जिपं. अध्यक्ष माया सिंह, नारायण मिश्र
रीवा-खनिज व उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल

सेमरिया से रही सांसद की उम्मीदवारी की चर्चा
रायशुमारी के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों के बीच सांसद जनार्दन मिश्र के सेमरिया से दावेदारी की चर्चा चलती रही। माना जा रहा था कि पैनल में नाम चाहे जिनके जाएं लेकिन अंत में पार्टी सेमरिया से सांसद को विधानसभा के चुनाव मैदान में उतार सकती है। हालांकि सांसद वहां मौजूद नहीं थे, यह चर्चा उनके समर्थकों के बीच रही।

रीवा विधानसभा से एक नाम
रीवा विधानसभा क्षेत्र से केवल एक नाम मंत्री राजेन्द्र शुक्ल का दावेदारी के रूप में भेजे जाने की जानकारी सूत्रों ने दी है। बताया गया है कि रीवा से प्रत्याशी के रूप में अन्य किसी ने भी अपनी दावेदारी नहीं जताई है। पहले जो दावेदार सामने आ रहे थे वे रायशुमारी के वक्त पीछे हट गए।

विधायकों में रमाकांत व दिव्यराज पहुंचे
भोपाल से आए पर्यवेक्षकों की रायशुमारी के दौरान विधायकों में केवल त्योंथर विधायक रमाकांत तिवारी और सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ही पहुंचे थे। अन्य विधायक इस दौरान उपस्थित नहीं थे। विधायक नीलम मिश्रा के नहीं पहुंचने पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। हालांकि नीलम ने पहले ही चुनाव लडऩे से मना कर दिया था।

Published on:
18 Oct 2018 12:38 pm