रीवा

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के एक हजार पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा देने की तैयारी में, जानिए क्यों

मनगवां विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में तरजीह नहीं मिलने से नाराज हुए मोर्चा के पदाधिकारी , १४ पदाधिकारी पहले दे चुके हैं इस्तीफा, सामने आने लगी भाजपा की गुटबाजी
2 min read
Sep 14, 2018
BJP Scheduled Caste Morcha's one thousand office bearers resign
BJP Scheduled Caste Morcha

रीवा. एससी-एसटी एक्ट को लेकर भले ही भाजपा अनुसूचित जाति और जनजाति पर डोरे डाल रही हो, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। चार दिन पहले भाजपा का विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में तरजीह न मिलने से नाराज भाजपा अनुसूचित जाति और जनजाति मोर्चा के दो दर्जन से ज्यादा पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामायण साकेत, भाजपा जिला महामंत्री सरोज रावत और गंगेव जनपद अध्यक्ष ललिता देवी साकेत सहित १४ पदाधिकारियों ने पद से भाजपा जिलाध्यक्ष को इस्तीफा दिया है।, एससी-एसटी के पदाधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही एक हजार से अधिक पदाधिकारी एक साथ इस्तीफा देंगे। इसकी तैयारी करीब-करीब पूरी हो चुकी है।

प्रदेश स्तर पर जानकारी पहुंचने पर मचा हडृकंप
इसकी जानकारी मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के पदाधिकारियों को भेजी है। इससे भाजपा संगठन में हडक़ंप मचा है। मामले में जिलाध्यक्ष विद्या प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि हमारे पास इसकी आधिकारिक रूप से जानकारी नहीं है। अगर, ऐसा मामला है संबंधितों से बात की जाएगी।

पदाधिकारियों को न तो मंच पर बैठने और न ही बोलने का मौका दिया गया

चार दिन पहलने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामायण प्रसाद साकेत ने कहा, जिले में मनगवां विधानसभा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए आरक्षित है। भाजपा का मनगवां विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें अनुसूचित जाति के पदाधिकारियों को न तो मंच पर बैठने और न ही बोलने का मौका दिया गया। आरोप लगाया कि भाजपा के प्रदेश मंत्री रामायण साकेत और जिला महामंत्री सरोज रावत को अपमानित किया गया।

दरी बिछाने से लेकर पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचा रहे एससी कार्यकर्ता
मोर्चा के प्रदेश मंत्री ने कहा, सवाल स्वागत और मंच का नहीं है। क्षेत्र में पार्टी के लिए कार्यक्रमों में दरी बिछाने से लेकर पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाने के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं लेकिन, कुछ तथाकथित ठेकेदारों द्वारा पार्टी की छवि खराब की जा रही है। भाजपा की जिला महामंत्री सरोज रातव ने कहा, एससी-एसटी के कार्यकर्ता दरी बिछाने का काम कर रहा है। सभाओं में भीड़ जुटाने के लिए पसीना बहा रहा है लेकिन उनको तरजीह नहीं दी जा रही है। अगड़ी जातियों के कार्यकर्ता भेदभाव कर रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी में रहकर एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सराहना
पदाधिकारियों ने जिले के संगठन पदाधिकारियों पर भड़ास निकाली लेकिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सराहना की। कहा कि सरकार कल्याणकारी योजनाएं चलाकर गरीबों को लाभ पहुंचा रही है। प्रदेश को भेजे पत्र में पदाधिकारियों ने कहा है कि जिला स्तर पर तथाकथित लोगों तक पार्टी को सीमिति नहीं किया जाए।

इन्होंने दिया पद से इस्तीफा
अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामायण साकेत, भाजपा जिला महामंत्री सरोज रावत, जिला मंत्री एवं जनपद अध्यक्ष गंगेव ललिता देवी साकेत, जिला उपाध्यक्ष उर्मिला सिंह गौड़, जिलाध्यक्ष भाजपा अनुसूचित मोर्चा शिवनारायण साकेत सहित रघुनाथ साकेत, जीवन साकेत, विमलेश साकेत, रजनीश साकेत, रमाशंकर साकेत, विष्णु साकेत, डॉ. अभयराज साकेत, विनोद साकेत सहित कुल १४ पदाधिकारी शामिल हैं।

Published on:
14 Sept 2018 12:27 pm