
रीवा। रीवा में कोर्ट बचाओ संघर्ष समिति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विरोध में नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फांसी पर लटका दिया। विरोध प्रदर्शन का यह नया तरीका अपनाते हुए समिति के सदस्यों ने कहा कि महीनों से वह अपनी मांग रख रहे हैं लेकिन मुख्यमंत्री जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं।
जिला न्यायालय के पास ही कमिश्नरी के सामने पेड़ पर मुख्यमंत्री के पुतले को लटकाया गया। इस बीच काफी देर तक नारेबाजी की गई। इसके पहले भी कई बार संघर्ष समिति ने विरोध प्रदर्शन किया था, बीते 19 दिसंबर को सीएम के रीवा प्रवास के दौरान विरोध कर रहे सदस्यों को गिरफ्तार भी किया गया था।
कोर्ट भवन हटाए जाने का सीएम को दोषी माना जा रहा
विरोध कर रहे कोर्ट बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा है कि जिला न्यायालय भवन का निर्माण परिसर से दूर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बनाया जा रहा है। इससे वकीलों और पक्षकारों को आने-जाने में समस्या होगी। लंबे समय से स्थानीय मंत्री राजेन्द्र शुक्ला सहित सरकार के अन्य प्रतिनिधियों के सामने यह बात रखी जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मुख्यमंत्री को भी वकीलों और जनमानस के विरोध की जानकारी है फिर भी वह मनमानी रूप से निर्माण कराने पर अड़े हैं।
विरोध के दौरान निकला हेलीकॉप्टर
जिस दौरान कमिश्नरी के सामने विरोध किया जा रहा था, सीएम के पुतले को पेड़ पर लटका कर नारेबाजी की जा रही थी, उसी दौरान रीवा जिले के नईगढ़ी से वापस लौटते हुए सीएम को हेलीकाप्टर गुजरा। जिसे देखकर आक्रोश और भड़क गया और नारेबाजी तेज कर दी गई।
पूर्व मंत्री सहित कई दलों के नेता शामिल रहे
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजमणि पटेल, एडवोकेट टास्कफोर्स के अध्यक्ष शिव सिंह, अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष मास्टर बुद्धसेन पटेल, कांग्रेस नेता कुंवर सिंह, अधिवक्ता रितेश गुप्ता, श्रीप्रकाश तोमर, अशफाक अहमद, बद्री प्रसाद, ज्ञानेन्द्र गौतम, विश्वनाथ पटेल, एमडी खान, अभिषेक पटेल, नूरुल हसन, बृजेन्द्र मिश्रा सहित अन्य कई संगठनों के लोग शामिल रहे।
चार महीने से चल रहा वकीलों का आंदोलन
कोर्ट भवन इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में बनाए जाने का करीब चार महीने से विरोध अधिवक्ताओं द्वारा किया जा रहा है। दो महीने तक लगातार कोर्ट बंद रहा, इसके अलावा अन्य कई प्रदर्शन किए गए। यह आंदोलन अब भी जारी है, अधिवक्ता विजय मिश्रा 65 दिनों से लगातार कोर्ट परिसर के बाहर रातदिन के अनशन पर बैठे हैं।