ये देखिए टेंडरिंग का कमाल, एक ही समूह को बेच दिया रीवा शहर, 15 मिनट के भाषण में स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक रखा
रीवा. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को सायं रीवा पहुंचे, जिनका पूरे शहर में भव्य स्वागत किया गया। रोड शो करते हुए सिरमौर चौराहे पर उन्होंने सभा की। केन्द्र और राज्य सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने व्यापमं और ई-टेंडरिंग को लेकर कहा कि सरकार ने अपने लोगों को लाभ पहुंचाया है। कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये देखिए इ-टेंडरिंग का कमाल, एक ही ग्रुप को रीवा शहर बेच दिया। मध्यप्रदेश में कांगे्रस की सरकार बनी तो व्यापमं और इ-टेंडरिंग घोटाले के सब आरोपी जेल जाएंगे। इस बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, मंत्री और बिल्डर्स की सांठगांठ से शहर बेचा जा रहा है। राहुल ने फिर दोहराया है कि सरकार में आते ही किसानों का कर्जा माफ करेंगे। कमलनाथ और सिंधिया यहां २४ घंटे सेवाएं देंगे। उधर, राहुल गांधी के रोड शो में जनता का रेला हो गया, जिससे सत्ताशीन तिलमिला गई है, कांग्रेस के कई दिग्गजों ने सत्ता के इशारे पर अव्यवस्था का आरोप लगाया है।
मोदी और जेटली पर हमला बोला
राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली पर जमकर हमला बोला। रफैल पर कहा कि अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए ३० हजार करोड़ का घोटाला हुआ है। विजय माल्या ने जेटली को बताया कि मैं देश छोड़ रहा हूं पर उन्होंने भागने में मदद की, उन पर कार्रवाई होना चाहिए। सरदार पटेल की स्टेच्यू पर कहा कि जिसने देश को बनाया, उनकी प्रतिमा बनाने में चीन का सहारा लिया जा रहा है। प्रतिमा के पीछे लिखा जाएगा मेड इन चाइना। सरकार में आने से पहले मोदी ने कहा था कि मैं पीएम नहीं चौकीदार बनूंगा लेकिन यह चौकीदार अब आंख मिलाकर बात करने से डरता है। यह चौकीदार चोर हो गया है। तीन बार उन्होंने दोहराया कि चौकीदार चोर है।
पांच लोगों का लिया नाम
राहुल ने १५ मिनट के अपने भाषण में पांच लोगों का नाम लेकर अपनी बात समझाने का प्रयास किया। आते से सबसे पहले कांग्रेस के शहर अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू का नाम लेते हुए पूछा, मंगूजी नमस्कार कैसे हैं। इसके बाद एक युवक का नाम पूछा तो उसने दीपक सिंह बताया, कई बार उसका नाम लेकर देश की बेरोजगारी पर सरकार को घेरा। इसी तरह नितिन, चंद्रशेखर नाम के युवकों से भी नाम पूछकर कई बार नाम दोहराकर समझाया। एक पुलिसकर्मी से नाम पूछा तो पहले वह घबरा रहा था लेकिन बाद में अपना नाम दिनेश बताया, तो राहुल ने कहा घबराइए मत आपको फंसाएंगे नहीं। उन्होंने पूछा कि थाने से जब कोई चोर भागता है पुलिस वाले पर ही कार्रवाई होती है। यहां तो माल्या ने जेटली को बताया फिर भागा है। इसलिए उन पर भी कार्रवाई बनती है।
ये नेता साथ में रहे मौजूद
राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, विधायक सुंदरलाल तिवारी, जीतू पटवारी, सुखेन्द्र सिंह बन्ना, कमलेश्वर पटेल, एआइसीसी सचिव सुधांशु त्रिपाठी, राजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय मिश्रा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष त्रियुगीनारायण शुक्ला, गुरमीत सिंह मंगू, महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष कविता पाण्डेय, कार्यक्रम पर्यवेक्षक सविता दीवान, समन्वयक दीपक पाठक, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी, राजेन्द्र शर्मा, एसएस तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।