रीवा

एसपी कार्यालय के सामने वृद्ध ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने पकड़ा

रायपुर कर्चुलियान पुलिस पर फर्जी प्रकरण दर्ज करने का आरोप, एएसपी ने दिया जांच का आश्वासन
2 min read
Aug 16, 2018
Elderly attempted suicide in front of SP office
Elderly attempted suicide in front of SP office

रीवा. पुलिस पर फर्जी प्रकरण कायम करने का आरोप लगाते हुए वृद्ध ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मदाह करने के लिए केरोसिन अपने ऊपर डालकर सनसनी फैला दी। हालांकि तब तक पुलिस ने उनको पकड़ लिया। अधिकारियों द्वारा जांच का आश्वासन देने पर वह वापस लौट गया। मामला रायपुर कर्चुलियान थाने का है। रायपुर कर्चुलियान पुलिस ने 6 अगस्त को अवैध शराब पकड़ी थी जिसमें पुलिस ने विष्णुध्वज सिंह निवासी रायपुर कर्चुलियान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस पर आरोपी के पिता शीलध्वज सिंह ने पुलिस पर फर्जी प्रकरण कायम करने का आरोप लगाया था।

इस बात से नाराज होकर पीडि़त पन्द्रह अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गये। एसपी कार्यालय के सामने उन्होंने अपने ऊपर केरोसिन उड़ेल लिया। घटना से एसपी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। इस दौरान वहां पहले से पुलिसकर्मी ने वृद्ध को पकड़ लिया और उनसे माचिस छीन ली। घटना की जानकारी होने पर कार्यालय में मौजूद एएसपी ने पीडि़त से मांगों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने वृद्ध को इस मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है जिसके बाद पीडि़त वापस लौट गये।

रायपुर कर्चुलियान पुलिस लगातार दे रही थी धमकी
पीडि़त ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि रायपुर कर्चुलियान पुलिस लगातार फर्जी प्रकरण में फंसाने की धमकियां दे रही थी। पुतिलस ने जोगनिहाई स्कूल के पास नशीली सिरप पकड़ी थी जिसके आरोपियों के पहचान के लिए पुत्र को घर से बुलाकर ले गई थी। लेकिन बाद में आबकारी एक्ट का फर्जी मुकदमा कायम कर दिया। पुलिस इससे पूर्व भी उनके खिलाफ फर्जी प्रकरण कायम कर चुकी है।

आत्मदाह की चेतावनी के बाद नहीं पहुंचा पीडि़त
कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी देने वाले पीडि़त के इंतजार में पुलिस घंटों बैठी रही लेकिन वे नहीं पहुंचे। फलस्वरूप पुलिस बैरंग लौट आई। बैकुंठपुर नगर पंचायत के वार्ड क्र. 2 निवासी भोला कुशवाहा के घर के सामने स्थित रोड में काफी कीचड़ है जिससे पीडि़त का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारियों से की थी लेकिन सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत कर 15 अगस्त को कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह की चेतावनी दी थी। बैकुंठपुर पुलिस पन्द्रह अगस्त की सुबह ही कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गई थी जो पीडि़त के आने का इंतजार कर रही थी। हालांकि उसके नहीं पहुंचने पर पूरा बल वापस लौट आया।

Updated on:
16 Aug 2018 10:49 pm
Published on:
16 Aug 2018 10:49 pm