रायपुर कर्चुलियान थाने के पुरास गांव में हुई घटना, पुलिस को मिली अहम जानकारी, संदेही ने न्यायालय में किया सरेंडर, पुलिस ने लिया रिमांड
रीवा। मंगलवार की रात एक व्यक्ति की हत्या के मामले में मुख्य संदेही ने गुरुवार को न्यायालय में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसको पूछताछ के लिए रिमांड में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्याकांड से जुड़ी अहम जानकारियां पुलिस को दी हैं। वही उससे अन्य आरोपियों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। रायपुर कर्चुलियान थाने के पुरास गांव में विवेक पाठक (४५) निवासी पुरास का खेत में शव बरामद हुआ था जिनकी रात में हत्या कर शव को फेंका गया था। घटना के पूर्व गांव के ही अंकित तिवारी ने उनको फोन करके बुलाया था और उसकी अहरी में ही मारपीट हुई थी।
फलस्वरूप पुलिस उसे मुख्य संदेही मानकर तलाश कर रही थी। पुलिस की नजरों से बचकर गुरुवार की दोपहर वह न्यायालय पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और संदेही को पूछताछ के लिए 15 फरवरी तक की रिमांड में लिया है। उससे थाने में अब पुलिस हत्याकांड के संबंध में जानकारियां ले रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या का जो कारण बताए हैं वह कम चौंकाने वाला नहीं था। उक्त संदेही ने पीडि़त को फोन करके गांजा पीने के लिए बीड़ी मंगवाई थी। अहरी में वह अपने साथियों के साथ बैठा हुआ था। जहां पीड़ित भी बैठ गया। इस दौरान उनके बीच चुनावी चर्चा शुरू हो गई और संभावित प्रत्याशियों को लेकर कहासुनी हो गई। मामूली बात पर शुरू हुए विवाद में संदेही ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। पहले अहरी के अंदर निर्दयता पूर्वक मारपीट की। जब वे जान बचाने के लिए बाहर भागे तो खेत में उन्हें पकड़ लिया और हाथ बांधकर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल संदेही से पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के बाद ही पूरा मामला सामने आएगा।
पीडि़त का मोबाइल बरामद करेगी पुलिस
इस घटना के बाद से पीडि़त का मोबाइल गायब है जो अभी तक नहीं मिल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि उक्त मोबाइल आरोपी अपने साथ ले गए। इस मोबाइल को बरामद करने का प्रयास पुलिस पुलिस कर रही है। संदेही मोबाइल ले जाने के बाद से इंकार कर रहा है। उसकी बातों की पुलिस तस्दीक कर रही है।
नशे का आदी था संदेही
पुलिस के हाथ लगा संदेही नशे का आदी था। वह कई तरह के नशे करता था और अक्सर अहरी में ही उसकी महफिल जमती थी। मंगलवार को भी उसे गांजा पीना था जिसके लिए उसने पीडि़त से बीड़ी मंगवाई थी और विवाद में उनकी हत्या हो गई।