विंध्य महोत्सव : 50 प्रतिशत महिलाओं को मिलेगा अवसर, पुलिस की भर्ती में 33 प्रतिशत बेटियां होंगी
रीवा. विंध्य महोत्सव के समापन समारोह में बोलते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार इस साल १ लाख युवाओं को नौकरी देगी। जिसमें 50 प्रतिशत महिलाओं को अवसर दिया जाएगा। गुरुवार को विंध्य महोत्सव में पहुंचे सीएम ने कहा कि उनकी सरकार बेरोजगारी को लेकर चिंतित है। युवा बेरोजगार न रहें इसलिए सरकार ने यह योजना बनाई है।
पुलिस विभाग में 33 प्रतिशत बेटियों के लिए आरक्षित रहेगी
सीएम ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए महिलाओं की सुरक्षा पर कहा कि पुलिस के लिए 33 प्रतिशत बेटियों के लिए आरक्षित रहेगी। बेटियों के हाथ में डंडे होंगे तो गुंडे अपने आप भाग जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा दुराचारियों को फांसी देने का विधेयक लाया हूं। इस दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज को ऑटोनामस डीम्ड यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, अब 70 प्रतिशत अंक पाने वाले भी इंजीनियरिंग कर सकेंगे। सीएम ने कहा जेई मेंस की परीक्षा में डेढ़ लाख तक रैंक पाने वाले बच्चों की फीस मामा भरेगा। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश का कोई भी बच्चा बिना पढ़ा-लिखा नहीं रहेगा। इसके लिए योजना बना ली गई है।
बायपास का फेस-2 का निर्माण होगा
सीएम ने रीवा के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि रीवा में बायपास का फेस-२ का निर्माण होगा। सरकार विकास के लिए भोपाल को एक रुपए तो रीवा को सवा रुपए देने का संकल्प लिया है। इस दौरान सीएम ने कहा ब्राह्मण, क्षत्रिय ,वैश्य सहित सभी वर्ग के असंगठित श्रमिकों का पंजीयन कराया जा रहा है। पंजीकृत मजूदरों की मौत पर चार लाख रुपए सरकार देगी। इस दौरान सीएम ने विंध्य महोत्सव कार्यक्रम, बघेली संस्कृति व कला तथा धरोहरों की चर्चा की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सीएम की पत्नी साधना सिंह, सांसद जर्नादन मिश्र, महापौर ममता गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विभा पटेल सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।