रीवा

यूपी की तरह एमपी बोर्ड के छात्र भी छोड़ रहे परीक्षा, अधिकारी परेशान

हाईस्कूल के पहले दिन ही भारी संख्या में छात्र रहे अनुपस्थित...
2 min read
Mar 05, 2018
Like UPs, MP board students quit exams, officials bothered
Like UPs, MP board students quit exams, officials bothered

रीवा। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में पहले दिन 1275 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में 98 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 36744 छात्रों को शामिल होना था। लेकिन 35469 छात्र ही शामिल हुए। शिक्षा अधिकारी छात्रों द्वारा छोड़ी गई परीक्षा के कारण को स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।

मामले की कराई जाएगी पड़ताल
होली की छुट्टी खत्म होने के बाद सोमवार को हाईस्कूल की परीक्षा भी शुरू हुई। परीक्षा संस्कृत व उर्दू विषय के साथ शुरू हुई। पहले दिन की परीक्षा में 1275 छात्र अनुपस्थित हुए। इससे शिक्षा अधिकारी भी भौचक हैं। अधिकारी स्पष्ट कारण बता पाने में असमर्थ हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस बारे में पड़ताल की जाएगी।

नियमित छात्रों ने भी छोड़ी परीक्षा
अधिकारियों द्वारा दर्ज रिकार्ड की माने तो संस्कृत विषय में अनुपस्थित नियमित छात्रों की संख्या 902 रही है। उर्दू विषय में 4 नियमित छात्र परीक्षा देने नहीं आए। उर्दू में दर्ज 71 छात्रों में 67 छात्रों ने परीक्षा दी है। संस्कृत विषय में परीक्षा छोडऩे वाले स्वाध्यायी छात्रों की संख्या 368 रही है। इस विषय की परीक्षा में 3092 स्वाध्यायी छात्र उपस्थित हुए। उर्दू विषय में 5 स्वाध्यायी छात्रों ने परीक्षा दी। एक छात्र अनुपस्थित रहा।

परीक्षा में अव्यवस्था रही कायम
हायर सेकेंड्री की तरह ही हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को भी परीक्षा में अव्यवस्था का दंश झेलना पड़ा। परीक्षार्थियों ने जमीन पर बैठकर परीक्षा दी। जमीन पर बैठाए जाने से छात्र पूरे समय परेशान रहे। कभी वह कॉपी जमीन पर रखकर लिखते तो कभी पैर पर। इस अव्यवस्था के चलते छात्र न ही अच्छी राइटिंग में लिख सके और न ही सभी प्रश्न हल करने के लिए उन्हें पर्याप्त समय ही मिल पाया। क्योंकि जमीन पर बैठकर लिखने की आदत नहीं होने के चलते प्रश्नों के हल करने की रफ्तार सामान्य की तुलना में धीमी हो गई।

शिक्षा अधिकारी भी दिखे लाचार
परीक्षा के दौरान केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे शिक्षा अधिकारी भी हालात के मद्देनजर लाचार नजर आए। शिक्षा अधिकारी केंद्राध्यक्षों से केवल इतना पूछ सके कि फर्नीचर की व्यवस्था नहीं हुई है क्या। यह स्थिति ग्रामीण अंचलों में ही नहीं शहर के भी परीक्षा केंद्रों में देखी गई। गौरतलब है कि परीक्षा में जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार त्रिपाठी ने शाउमावि कन्या गोविंदगढ़, शामावि बालक गोविंदगढ़, शाउमावि सिलपरा व फोमेंस उमावि परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। सहायक संचालक आरएन पटेल ने शाउमावि पटेहरा, शाउमावि कन्या व बालक सिरमौर, सरस्वती उमावि व सिद्धार्थ हाईस्कूल सिरमौर का निरीक्षण किया। इसी प्रकार अतिरिक्त संचालक रमसा पीएल मिश्रा द्वारा शाउमावि खुटहा, शाउमावि बालक देवतालाब, सरस्वती उमावि देवतालाब का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी जगह शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा आयोजित होने का दावा किया है।

Published on:
05 Mar 2018 04:51 pm