रीवा

विधायक प्रदीप पटेल के अपने लोगों से ही बना है मूसा गैंग! करीबी था गैंग का ये सदस्य, देखें तस्वीरें

MP News: भाजपा विधायक प्रदीप पटेल जिस गैंग से खतरा बता रहे थे, पुलिस जांच में वही उनका पूर्व करीबी निकला। इस पर पत्रिका ने जब पड़ताल किया तो कई बड़ी बातें सामने आई।
2 min read
Feb 15, 2026
mauganj bjp mla pradeep patel musa gang row santosh tiwari MP News
bjp mla pradeep patel musa gang row (फोटो-Patrika.com)

MP News:मऊगंज के भाजपा विधायक प्रदीप पटेल जिस कथित मूसा गैंग के डर से एक माह से अज्ञातवास पर हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद अपने निवास पर बुलाकर बातचीत की है, उनके डर का पर्दाफाश करने के लिए पत्रिका ने पड़ताल की। पता चला कि वे जिस मूसा गैंग से खुद को खतरा बता रहे है, वह कहीं बाहर की गैंग नहीं है, बल्कि उनके दाएं हाथ रहे संतोष तिवारी और उनकी मित्रमंडली है। यह जरूर है कि इस मित्रमंडली में शराब तस्कर से लेकर आदतन अपराधी भी शामिल हैं। इन्हीं लोगों से त्रस्त आकर टीआइ ने भी रोजनामचा में इसे मूसा गैंग बताते हुए इनसे खुद को भी खतरा बता दिया था।

पटेल के साथ तिवारी… तब कंधे पर थे हाथ, अब बन बैठा खतरा

कभी बसपा में रहे प्रदीप पटेल क्षेत्र में हमेशा चर्चा में रहते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के समय उनके कथित ब्राह्मण विरोधी बयानों को लेकर निकली किताब से मामला गर्माया था। बाद में वे भाजपा के विधायक बन गए। पिछले डेढ़-दो साल से हिंदूवादी छवि वाले संतोष तिवारी उनके साथ देखे जाते रहे हैं। संतोष ने दो माह पहले मस्जिदों के कथित अतिक्रमण को लेकर धरना दिया था. जिसमें विधायक प्रदीप पटेल भी शामिल हुए थे। दोनों के बीच संबंध अच्छे चल रहे थे, लेकिन जनवरी में हुए एक घटनाक्रम के बाद उनके रिश्तों में कड़वाहट घुल गई। शराब तस्कर विपिन त्रिपाठी से जुड़े एक मामले में संतोष तिवारी के साथ ही युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष तिवारी और एक लिस्टेड बदमाश अशोक चौरसिया का नाम सामने आया।

इन चारों ने मऊगंज थाने में पहुंचकर टीआई सनतकुमार द्विवेदी को धमकाया, चार घंटे तक उन्हें उनके चैंबर में ही कैद रखा। टीआई ने इस घटना को रोजनामचे में दर्ज करते हुए इन चारों को मूसा गैंग बताया। टीआई ने लिखा था कि यदि उनके साथ कुछ गलत होता है तो इसके लिए इस गैंग के सदस्यों को जिम्मेदार माना जाए। इस मामले में विधायक ने संतोष का साथ नहीं दिया तो उनके बीच दरार आ गई। इसी गैंग को विधायक भी मूसा गैंग बताने लग गए। इधर, दो दिन पहले खुद संतोष तिवारी ने एसपी को एक ज्ञापन देकर कहा है कि विधायक प्रदीप पटेल उन पर गलत आरोप लगा रहे हैं. उनकी भी जांच की जानी चाहिए।

एसपी गौरव राजपूत ने दिए सवालों के जवाब

सवाल- क्या भाजपा विधायक प्रदीप पटेल को किसी मूसा गैंग ने धमकी दी थी?

जवाब- इस नाम का कोई गैंग ही नहीं है। विधायक को जिसने धमकी दी थी। वह संतोष तिवारी भाजपा कार्यकर्ता है। हमेशा उनके ही साथ रहता था।

सवाल- सीएम ने आपसे क्या कहा?

जवाब- उन्होंने विधायक की पर्याप्त सुरक्षा करने के लिए कहा है। साथ ही विधायक से भी मेरी बात कराई।

सवाल- आपने विधायक से क्या कहा?

सवाल- मैंने कहा कि आप क्षेत्र में आइए. जनता को आपकी जरूरत है। आपकी सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है। (MP News)

एक कार्यक्रम में संतोष तिवारी के साथ विधायक पटेल।

Updated on:
15 Feb 2026 11:09 pm
Published on:
15 Feb 2026 11:09 pm