भाजपा के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कहा-संगठन की मजबूती ही सत्ता के शिखर तक पहुंचाती है
रीवा. भाजपा का स्थापना दिवस जिले भर में मनाया गया। इस दौरान रीवा प्रवास पर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय राजनिवास सर्किट हाउस में जिला एवं मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा देश को सर्वांगीण विकास की ओर ले जाने वाली है देश और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से पार्टी को मजबूती मिली है। राष्ट्र विरोधी ताकतें लामबंद होकर हमारी विचारधारा के खिलाफ लड़ाई चला रही हैं, समाज में बैमनस्य फैलाने का कार्य तेजी से कर रही हैं।
भाजपा पूरे देश में शासन कर रही
सीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2018 एवं 2019 का चुनाव जीतना बहुत ही जरूरी है। मध्य प्रदेश हर क्षेत्र मे अग्रणी प्रदेश बन रहा है हमने बिना जाति भेद के सभी का विकास किया है। पार्टी की सफलता का श्रेय उन्होंने कार्यकर्ताओं को दिया और कहा कि संगठन की मजबूती की वजह से ही भाजपा पूरे देश में शासन कर रही है। इस दौरान सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रीवा जिले के हर खेत को पानी पहुंचाने का काम हो रहा है।
2000 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का काम हम कर रहे
श्रमिक रजिस्ट्रेशन में कार्यकर्ता जुटें जिससे समाज का हर वर्ग इसका लाभ ले सके। हमारी सरकार किसानों के साथ खड़ी हैं। 2000 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का काम हम कर रहे हैं, एक लाख युवाओं को रोजगार हेतु पद सृजित किए हैं, इन बातों को कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएं। बैठक में मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सांसद जनार्दन मिश्रा, विधायक गिरीश गौतम, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष सिंह, महापौर ममता गुप्ता, मदनमोहन गुप्ता, पन्नाबाई, राम सिंह, शिवेन्द्र पटेल, सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक तंत्र की मनमानी की शिकायत
इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि प्रशासनिक तंत्र उनकी बातों को नजरंदाज करता है। कोई भी शिकायत सुनने के लिए अधिकारी तैयार नहीं होते ऐसी स्थिति में काम करना मुश्किल हो रहा है। सीएम ने कहा कि जहां भी अधिकारी मनमानी करें इसकी जानकारी जिला अध्यक्ष के माध्यम से भिजवाएं तत्काल कार्रवाई होगी। राजेन्द्र त्रिपाठी ने सेमरिया के पहाड़ी क्षेत्र में जलसंकट का हवाला देते हुए पैकेज की मांग की तो वहीं जिला उपाध्यक्ष विवेक गौतम ने सोलर पावर प्लांट बदवार में रीवा जिले के बेरोजगारों को रोजगार दिलाने की बात रखी। इस पर भी सीएम ने कहा है कि इसे भी दिखवाएंगे।
भाजयुमो ने मनाया स्थापना दिवस
भाजयुमो द्वारा पार्टी के 38वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी 24 मंडलों में स्थापना दिवस मनाया गया। रीवा नगर मंडल का कार्यक्रम विवेकानन्द पार्क में आयोजित किया गया। मौके पर युवा मोर्चा के नेता बिजेन्द्र गौतम ने झंडा उंचा रहे अभियान के संबंध में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। इस दौरान हिमांशु गुप्त, नरेन्द्र शर्मा, उपेन्द्र सिंह, अमित तिवारी, दुर्गा तिवारी सहित अन्य ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अन्य कई युवा मौजूद रहे। इसी तरह जिले के अन्य कई स्थानों पर भाजयुमो द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए।