
रीवा। कांग्रेस पार्टी में टिकटों को लेकर आ रहे दावेदारों के नामों और उनके दावे-आपत्तियों की वजह से लगातार असमंजस की स्थिति बनती जा रही है। स्क्रीनिंग कमेटी ने पांच विधानसभा सीटों पर एक-एक नाम तय कर लिए हैं। अन्य स्थानों पर दो या तीन नामों का पैनल बनाया गया था। एआइसीसी के स्वयं के सर्वे, पार्टी के स्थानीय सर्वे और एजेंसियों से कराए गए सर्वे में मेल नहीं खाने की वजह से नाम तय नहीं हो पा रहे थे।
कई विधानसभा सीटों के दावेदारों ने स्वयं को जीतने वाला प्रत्याशी बताते हुए औरों को कमजोर बताया था। यह पूरी रिपोर्ट राहुल गांधी के पास रखी गई तो उनके निर्देश पर रीवा जिले की तीन सीटों के लिए स्पेशल रूप से सर्वे दल भेजा गया। जिसने देवतालाब, सिरमौर एवं सेमरिया विधानसभा में लोगों एवं पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनसे कांग्रेस के लोकप्रिय प्रत्याशी के बारे में जानकारी ली है।
कुछ नेताओं ने यह आपत्ति दर्ज कराई थी कि हाल ही में पार्टी ज्वाइन करने वाले नेताओं को प्रत्याशी बनाने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर होगा। इस पर राहुल गांधी द्वारा कई बार दिए गए उन बयानों का हवाला दिया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पैरासूट से आए नेताओं को टिकट नहीं मिलेगा, पार्टी के लिए जो काम करने वाले हैं उन्हें ही टिकट मिलेगा।
करीब एक साल से एआइसीसी के पर्यवेक्षक एवं उनकी टीमें विधानसभा क्षेत्रों में काम कर रही हैं, इनकी रिपोर्ट में कहा गया है कि कई ऐसी सीटें हैं जहां पर पार्टी के पुराने कार्यकर्ता जीतने की स्थिति में नहीं हैं। दूसरे दलों से आए नेता अधिक मजबूत होंगे, इस वजह से अब जीतने वाले को ही टिकट देने के मूड में पार्टी है।
बताया गया है कि टॉप पांच लोकप्रिय प्रत्याशियों के बारे में भी सर्वे दल ने पूछा है कि इसमें सबसे अधिक लोकप्रिय कौन हो सकता है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी का मालवा दौरा पूरा होने के बाद सूची जारी होगी।
नए चेहरों को मिल सकती है तरजीह
इस बार नए चेहरों को कांग्रेस में तरजीह देने की तैयारी चल रही है। जिसमें सिरमौर और देवतालाब की सीटों पर सर्वे के दौरान लोगों ने भी यह डिमांड दी है। सिरमौर से पार्टी महिला प्रत्याशी उतारने के मूड में है। वहीं देवतालाब से पार्टी कैडर के ही कार्यकर्ता को जिसकी सामाजिक पकड़ मजबूत हो उसे उतारने की तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि मनगवां में भी नया प्रत्याशी इस बार मैदान में होगा।
विधायकों की सीट पर भी जाना हाल
कांग्रेस ने अपने विधायकों में करीब 80 फीसदी को फिर से दोहराने के संकेत दिए हैं। इसके बावजूद गुढ़ और मऊगंज विधानसभा क्षेत्रों में भी सर्वे टीम पहुंची और यह पूछा कि विधायक के बाद क्षेत्र में कौन सा नेता विकल्प हो सकता है। इसके कारण भी पूछे गए हैं। सर्वे टीम में दिल्ली, गुजरात और कर्नाटक के लोग शामिल थे। माना जा रहा है कि गुजरात और कर्नाटक की तर्ज पर यहां भी कांग्रेस टिकट वितरण करेगी।