रीवा

झमाझम बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत, घरों से बाहर निकले लोग, जानिए कहां बरसी राहत

किसानों के चेहरे पर भी खुशी की झलक...
2 min read
• •
Updated: 10 Jun 2018, 3:18 PM IST
Pre-Monsoon knock, heavy rain in Rewa
Pre-Monsoon knock, heavy rain in Rewa

रीवा। मौसम वैज्ञानिक भले ही अभी मानसून आने में चंद दिन बाकी होने की बात करते हों। लेकिन यहां झमाझम बारिश शुरू हो गई है। रविवार की रात में करीब दो बजे के बाद आधे घंटे तक जबरदस्त बारिश हुई। सुबह मौसम साफ जरूर हो गया और तेज धूप खिली। लेकिन दोपहर में डेढ़ बजे अचानक से फिर आसमान में बादल घिर आए और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।

उमस भरी गर्मी से मिली राहत
बारिश शुरू होने से लोगों को चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक चल रहा अधिकतम तापमान बारिश के बाद चार डिग्री तक नीचे आ गया। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि यह राहत तब तक अस्थाई होगी, जब तक लगातार बारिश जारी नहीं रहती है।

बारिश से मिल रहे अच्छे संकेत
लोगों को एक ओर जहां गर्मी से राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर किसानों के भी चेहरे पर रौनक छा गई है। शुरू हुई बारिश से किसानों में अब की बार अच्छी बारिश की उम्मीद जगी है। किसान यह मान कर चल रहे हैं कि खरीफ की बोवनी में अब की बार उन्हें बारिश की कमी नहीं खलेगी।

मौसम वैज्ञानिकों का भी पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिक भी अब की बार अच्छी बारिश की उम्मीद जता रहे हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले सप्ताह तक मानसून यहां रीवा में दस्तक दे देगा। उसके बाद झमाझम बारिश शुरू होगी। दो दिन से शुरू हुई बारिश ने भी यह जता दिया है कि मानसून चंद दिनों में ही यहां पहुंच जाएगा।

कृषि अधिकारी भी हुए सक्रिय
मौसम की बेहतर स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। किसान अधिक से अधिक रकबे में बोवनी करें। इसके लिए विभाग ने बोवनी का लक्ष्य भी बढ़ा लिया है। अब देखना यह है कि मौसम लोगों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है। या फिर गत वर्षों की भांति निराश करता है।

Published on: