रीवा

प्रदेश के कई कॉलेजों को शासन से जारी हुआ यह निर्देश, फिर भी नहीं फरमाया गौर

ज्यादातर कॉलेज गांवों में स्थित....
2 min read
Sep 20, 2018
Video conferencing organized in higher education
Video conferencing organized in higher education

रीवा। शैक्षणिक उन्नयन के लिए महाविद्यालयों में अकादमिक व संरचनात्मक विकास के लिए बजट होना जरूरी है। बजट महाविद्यालय का नैक मूल्यांकन होने पर ही जारी होगा। शासकीय महाविद्यालयों के प्रचार्यों को उच्च शिक्षा विभाग की यह सीधी सी बात समझ में नहीं आ रही है। शायद यही वजह है कि चंद महाविद्यालयों को छोडक़र ज्यादातर महाविद्यालय न तो नैक मूल्यांकन करा सके हैं और न ही इसमें रूचि दिखा रहे हैं।

प्राचार्यों पर नहीं हुआ आदेश का कोई असर
उच्च शिक्षा विभाग ने शासकीय महाविद्यालयों को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से मूल्यांकन कराने के बावत कई बार आदेश जारी किया, लेकिन अभी तक बचे महाविद्यालयों के प्राचार्यों के कान पर जूं नहीं रेंगी है। महाविद्यालय प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए एक बार फिर विभाग के शासन स्तर के अधिकारियों ने प्राचार्यों को सख्त निर्देश जारी किया है।

मूल्यांकन नहीं हुआ तो बजट भी नहीं मिलेगा
शासन के निर्देश के मुताबिक नैक मूल्यांकन नहीं कराने वालों को किसी भी स्थिति में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) का बजट नहीं जारी किए जाने की बात कही गई है। ऐसे में यह तय है कि न ही महाविद्यालयों को बजट मिलेगा और न ही शैक्षणिक उन्नयन का सपना पूरा होगा।

ग्रामीण अंचल में महाविद्यालयों का मूल्यांकन नहीं
उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों की माने तो अभी तक केवल शहर में स्थित शासकीय महाविद्यालयों का मूल्यांकन हो सका है। शासकीय महाविद्यालय नईगढ़ी को छोड़ दिया जाए तो ग्रामीण अंचल के कोई भी महाविद्यालय मूल्यांकन नहीं कर सके हैं। नए महाविद्यालय पांच वर्ष की अवधि पूरा नहीं कर पाने के चलते अभी मूल्यांकन कराने से बरी है, लेकिन मूल्यांकन की तैयारी का निर्देश उन्हें भी है, जो तीन वर्ष से अधिक की अवधि पूरी कर चुके हैं।

नैक मूल्यांकन कराने में असफल महाविद्यालय
शासकीय महाविद्यालय गुढ़
शासकीय महाविद्यालय मनगवां
शासकीय महाविद्यालय मऊगंज
शासकीय महाविद्यालय रायपुर कर्चुलियान
शासकीय वेंकट संस्कृत महाविद्यालय रीवा

मूल्यांकन से अभी बरी हैं ये महाविद्यालय
- शासकीय महाविद्यालय सेमरिया
- शासकीय महाविद्यालय नष्टिगवां
- शासकीय महाविद्यालय देवतालाब
- शासकीय महाविद्यालय गोविंदगढ़

नैक मूल्यांकन करा चुके महाविद्यालय
- शासकीय आदर्श महाविद्यालय रीवा
- शासकीय कन्या महाविद्यालय रीवा
- शासकीय माधव सदाशिव राव गोलवरकर महाविद्यालय रीवा
- शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय रीवा
- शासकीय महाविद्यालय नईगढ़ी

Published on:
20 Sept 2018 10:06 pm