रीवा

Rewa Gang Rape: बदला लेने कॉलेज स्टूडेंट से गैंगरेप, संदिग्धों को रात में ही उठा लाई पुलिस

Rewa Gang Rape Case: अतरैला थाना क्षेत्र में हुई शर्मनाक वारदात, दर्जनभर संदिग्धों की परेड कराने के बाद मिले आरोपी, गिरफ्तार...

3 min read
Sep 24, 2024

गाड़ी से कीचड़ का छींटा पड़ने पर हुए विवाद का बदला देने युवकों ने युवती के साथ एक दिन पूर्व सामूहिक बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। यह हैरान करने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने रात में ही दर्जनभर संदेहियों की थाने में परेड कराई। उन्होंने स्वीकार किया कि युवती द्वारा उनको बोले गए शब्दों का बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया है।

बाजार आई थी युवती

अतरैला थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती अपना मोबाइल बनवाने के लिए रविवार को अतरैला बाजार आई थी। ऑटो से उतरकर वह पैदल अपने घर जा रही थी। रास्ते में दो युवकों ने उसको पकड़ लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।

पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज

रात में महिला थाने में पीड़िता के बयान दर्ज कराकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने आरोपियों को पकडऩे के लिए अतरैला पुलिस के साथ थाना प्रभारी पनवार प्रवीण उपाध्याय व थाना प्रभारी जनेह कन्हैया बघेल के नेतृत्व में टीम गठित कर दी।

संदिग्धों को रात में ही उठा लाई पुलिस

छात्रा ने उक्त युवकों को गांव जाते समय रास्ते में कई बार देखने की जानकारी दी थी। इस पर पुलिस ने पड़ोसी गांव के दर्जनभर संदेही युवकों को रात में ही उठा लिया। सुबह छात्रा से पहचान करवाई गई तो आरोपी किशन कोल पिता मनसुखलाल कोल व संतलाल कोल पिता लालजी कोल के रूप मिले। वे उसके समीपस्थ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों को नामजद कर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

ऐसे शुरू हुआ था विवाद

विवाद गाड़ी से कीचड़ का छींटा पडऩे की बात पर हुआ था। कुछ दिन पूर्व छात्रा काॅलेज से अपने घर जा रही थी, तभी आरोपी मोटर साइकिल से निकले और उनकी गाड़ी से कीचड़ का छींटा छात्रा के ऊपर पड़ गया था। इस बात पर छात्रा का उनसे विवाद हुआ और उसने युवकों को भलाबुरा बोल दिया था। इससे वे नाराज थे। छात्रा को सबक सिखाने के उद्देश्य उन्होंने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। आरोपी कई दिनों से उसकी ताक में थे और रविवार को मौका मिल गया।

चिह्नित अपराध में होगा शामिल

घटना के बाद सोमवार को पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, एएसपी विवेक लाल सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोपियों से भी घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। एसपी ने अतरैला पुलिस को घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण करवाने और पूरे मामले की जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना को पुलिस ने चिह्नित अपराध में शामिल किया है ताकि आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।

दो युवकों ने बदला लेने किया गैंगरेप

एक छात्रा के साथ रविवार को दो युवकों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गईं, जिन्होंने दर्जन भर संदेहियों को पकड़ा। इनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों का कुछ दिन पूर्व छात्रा से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने घटना की जानकारी दी है। इस घटना को चिह्नित अपराध में शामिल किया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
विवेक सिंह, एसपी रीवा

ये भी पढ़ें:

Published on:
24 Sept 2024 08:39 am
Also Read
View All

अगली खबर