रीवा

रीवा में आचार्य विद्यासागर की शिष्या हादसे का शिकार, श्रुतमती माता का निधन

Shrutmati Mata Death: रीवा में बुधवार को सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रही जैन साध्वियों को टक्कर मार दी...।

2 min read
May 20, 2026
रीवा में जैन साध्वी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। (फोटो-पत्रिका)

Rewa Jain Sadhvi Accident: रीवा में जैन साध्वी बुधवार की सुबह भीषण हादसे का शिकार हो गई। पैदल जा रही साध्वी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हृदय विदारक हादसे में साध्वी श्रुतमति माता का निधन हो गया। वहीं माता उपशममति गंभीर रूप से घायल हुई है जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना सिविल लाइन थाने के कलेक्टर के समीप हुई। आचार्य विद्यासागर की शिष्या आर्यका 105 श्रुतमति माता सहित आर्य 105 उपशममति माता, चैत्यमति माता व सौम्यमति माता प्रतिदिन की तरह जैन मंदिर से बांसघाट के पास शौच क्रिया के लिए आई हुई थी।

बुधवार की सुबह 5:45 बजे वे जैसे ही कलेक्ट्रेट के सामने पहुंची तभी सिरमौर चौराहे तरफ से आ रही कार क्र. एमएच 49 सीडी 8309 काफी स्पीड से आई और उनको टक्कर मारते हुए निकल गई। इस हादसे में श्रुतमति माता व उपशममति माता सहित उनके साथ मौजूद बच्चा सम्यक घायल हो गए। घटना से तडक़े अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई जिस पर उनको उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल श्रुतमति माता का निधन हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल उपशममति माता का चिकित्सकों देखरेख में इलाज चल रहा है।

कटरा जैन मंदिर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया पार्थिव शरीर

इस घटना के बाद संजय गांधी अस्पताल से उनके पार्थिव शरीर को कटरा जैन मंदिर लाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अनुयायी मौजूद रहे जो माता के पार्थिव शरीर को मंदिर तक लेकर आए। यहां अनुयायियों के अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रख गया था। माता के अंतिम दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ था।

ग्रीष्मकालीन वाचना के लिए माह भर पूर्व आई थी रीवा

कटरा जैन मंदिर में सात साध्वी माह भर पूर्व ग्राीष्मकालीन वाचना के लिए आई थी जो पिछले एक माह से रीवा में रुकी हुई थी। प्रतिदिन मंदिर में पूजापाठ होता था। तीन साध्वी कुछ दिन पूर्व ब्यौहारी चली गई थी और चार साध्वी अभी रीवा मंदिर में रुकी हुई थी जिनका कार्यक्रम चलता था। प्रतिदिन माता शौच के लिए बांसघाट जाती थी।

पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

इस घटना के बाद तमाम पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमिश्रर बीएस जामोद, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, एसपी गुरुकरण सिंह, एसपी मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन सहित तमाम अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।

जबलपुर में पकड़ी गई कार

जैन साध्वी को टक्कर मारने वाली कार जबलपुर में पकड़ी गई है। हादसे के बाद तत्काल आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी कैमरे से गाड़ीा नंबर चेक किया और बाद में हाइवे के सभी जिलों को सूचना दी गई। जबलपुर जिले के बरगी चौकी पुलिस ने कार को घेराबंदी करके पकड़ लिया। उसमें सवार चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक सहित वाहन को वापस लाने के लिए रीवा से पुलिस टीम रवाना हुई है।

साध्वी शौच क्रिया से सुबह वापस लौट रही थी जिनको सफेद रंग की कार ने कलेक्ट्रेट के समीप टक्कर मार दी थी। एक साध्वी का निधन हो गया और दूसरी घायल थी जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। कार को जबलपुर पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया है।
गुरुकरण सिंह, एसपी रीवा

Published on:
20 May 2026 02:10 pm
Also Read
View All