रीवा

प्यार में बेबस हुई युवती शादी के इरादे से जा रही थी सरहद पार, लेकिन नहीं हो पाई कामयाब

सिटी कोतवाली थाने में दर्ज थी गुमशुदगी, एसपी ने जारी किया था लुक आऊट सर्कुलर
2 min read
Jun 25, 2022
Nagpur girl and Prayagraj boy Affair
प्रतीकात्मक तस्वीर

रीवा. रीवा की लड़की को पाकिस्तानी युवक से प्यार हो गया। उससे शादी करने के लिए युवती पाकिस्तान जा रही थी जिसको अटारी बार्डर पर पकड़ लिया गया। उसे पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है जिसको वापस लाने के लिए पुलिस टीम रवाना हो चुकी है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती 14 जून को लापता हो गई थी जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। युवती के पास उसका पासपोर्ट भी था जिसे वह अपने साथ लेकर गई थी। परिजनों ने उसके पाकिस्तान भागने की आशंका जताई थी जिसे पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने संज्ञान में लिया। एसपी ने दूसरे ही दिन लुक आऊट सर्कुलर जारी कर दिया। देश से बाहर जाने वाले सभी मार्गों को सूचना भेजी गई। लड़की एक दिन पूर्व पंजाब के अटारी बार्डर में पंजाब पुलिस को मिल गई। रीवा से भेजी गई फोटो मिलान करने पर वह लापता युवती निकली जिसकी गुमशुदगी थाने में दर्ज थी। वह अटारी बार्डर से पाकिस्तान जाने की फिराक में थी। उसको अमृतसर जिले के घरिंडा थाना अन्तर्गत कहानगढ़ चौकी भिजवाया गया है। युवती के मिलने की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस अब पंजाब रवाना हो गई है जो उसको वापस लेकर आयेगी। उसके वापस आने के बाद ही पूरा मामला सामने आयेगा।

सोशल नेटवर्किंग साइड में हुआ था प्यार, मार्च माह में बनवाया था पासपोर्ट
उक्त युवती को सोशल नेटवर्किंग साइड में पाकिस्तान के युवक से प्यार हुआ था। दोनों के बीच परिचय हुआ था और वह प्यार में बदल गया। युवती ने पाकिस्तानी युवक से शादी करने के लिए पाकिस्तान जाने का निर्णय लिया जिसके लिए उसने परिजनों को जानकारी दिये बिना मार्च माह में अपना पासपोर्ट बनवाया था। घटना के बाद परिजनों के पास पाकिस्तान के कुछ नम्बरों से फोन आया था जिसके बाद उन्होंने युवती के पाकिस्तान जाने की आशंका जताई थी।

पासपोर्ट और वीजा की होगी जांच
उक्त युवती के वापस आने के बाद उसके पासपोर्ट और वीजा की जांच की जायेगी। पासपोर्ट बनने की जानकारी परिजनों को नहीं थी। वहीं उक्त वीजा के लिए पाकिस्तानी युवक दिलशाद ने उसको बोला था और 22 जून को उसे पाकिस्तान का वीजा मिला था। ऐसे में पासपोर्ट और वीजा संदेह के दायरे में है। इसकी पुलिस युवती के लौटने के बाद जांच करेगी। यदि जांच में उक्त दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलती है तो युवती के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

Updated on:
25 Jun 2022 05:51 pm
Published on:
25 Jun 2022 05:43 pm