रीवा

REWA; केन्द्रीय मंत्री तोमर क्यों बोले-राजनीति रेतीली राह, हमें इसी पर चलकर तय करने हैं आगे के रास्ते…

विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में भाजपा नेताओं में भरा जोश, कहा-लंबे समय से सत्ता में रहने के बाद कई बार अहंकार आ जाता है, जो पार्टी के घातक है।
3 min read
• •
Updated: 1 Aug 2023, 3:04 AM IST
REWA Union Minister Narendra sunghTomar said Politics is a sandy road
REWA Union Minister Narendra sunghTomar said Politics is a sandy road

रीवा। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए विधानसभा चुनाव से पूर्व कार्यकर्ताओं को रीचार्ज किया। कहा, वह भी छात्र जीवन से राजनीति में हैं। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर के दायित्व का मौका मिला। पार्षद से लेकर केन्द्रीय मंत्री तक बनने का अवसर पार्टी ने दिया। हमें अपने सिद्धांतों से भटकना नहीं है। राजनीतिक जीवन में कोई पद स्थाई नहीं होता। जो आज जिस पद पर है वह कल नहीं रहेगा। उसकी कोई और भूमिका होगी, यही सच्चाई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वक्तव्यों का हवाला देते हुए मंत्री ने कहा कि राजनीति रेतीली राह है। इसी में चलकर आगे के रास्ते तय करना है। सभी कार्यकर्ता एक-दूसरे का सम्मान करें।

सधे कदमों से बढ़ना है आगे

मंत्री तोमर ने कहा, लंबे समय से हम प्रदेश की सत्ता में हैं। इसलिए कुछ लोगों में अहंकार भी आ जाता है। यह उस व्यक्ति और पार्टी दोनों के लिए घातक है। सधे कदमों से हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ना है। इस साल विधानसभा चुनाव और अगले वर्ष लोकसभा चुनाव में फिर भारी बहुमत से पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाना है।

मंच पर बैठे नेता चुनाव नहीं जिताते
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा, हम सब कार्यकर्ता हैं। कुछ लोग मंच पर बैठे हैं और कुछ नीचे। मंच पर बैठने वाले यदि अपने को बड़ा समझते हैं तो यह गलत है, क्योंकि मंच पर बैठने वालों के दम पर चुनाव नहीं जीता जा सकता। हमारा आम कार्यकर्ता ही बूथ पर पार्टी के लिए लोगों को जोड़ता है और चुनाव जिताता है। नेताओं से भी कहा कि वह कार्यकर्ता का भाव बनाए रखें।

विपक्ष पर निशाना साधा

स्थानीय स्तर से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक को मंत्री तोमर ने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पहले जब प्रधानमंत्री पाकिस्तान के आतंकवाद की बात करते थे तो कई देश पाकिस्तान के साथ खड़े नजर आते थे। अब प्रधानमंत्री मोदी बोलते हैं तो पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी होती है। तोमर ने पूर्व के प्रदेश सरकार पर कहा कि पहले भ्रष्टाचार, अंधेरा, अराजगता प्रदेश की पहचान होती थी। अब पूरे प्रदेश में तरक्की हो रही है। रीवा सहित विंध्य में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाणसागर परियोजना ने क्षेत्र की तस्वीर बदली है। विंध्य से पहले भी नेता रहे लेकिन विकास के प्रति किसी का ध्यान नहीं रहा।

विधायक ने गिनाए विकास कार्य
विधायक राजेन्द्र शुक्ला ने भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों को बताया। जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने संगठन की गतिविधियों से अवगत कराया। इस दौरान पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, विधायक केपी त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, निगम स्पीकर व्यंकटेश पांडेय, वीरेन्द्र गुप्ता, अनिल पटेल, शशांक श्रीवास्तव, राजगोपाल चारी सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद केन्द्रीय मंत्री तोमर पूर्व जिला अध्यक्ष कमेलश्वर सिंह के घर पहुंचे और उनके पुत्र के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद विधायक राजेन्द्र शुक्ला के भी घर पर गए थे।

सरकार बनाओ वरना पटवारी भी नहीं पूछेगा

सांसद जनार्दन मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र दिया। कहा, मेहनत करोगे तो सरकार बनेगी। सरकार रहेगी तो शान के साथ काम कर सकोगे। यदि पार्टी की सरकार नहीं बनेगी तो पटवारी तक नहीं पूछेगा। आज यदि किसी को अपना परिचय बताते हो तो वह सम्मान देता है और काम करता है। सांसद ने कांग्रेस सरकार पर विकास रोकने का आरोप लगाते हुए कई आंकड़े गिनाए और कहा कि कमलनाथ के कार्यकाल में सारे विकास कार्य ठप हो गए थे।

प्रतिबंधित जगह पर कार्यक्रम करने का विरोध

भाजपा का विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन टीआरएस काॅलेज के एनसीसी ग्राउंड में था। यह ग्राउंड केवल खेल गतिविधियों के लिए ही दिया जा सकता है। कोर्ट ने इस पर अन्य कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा रखा है। सामाजिक कार्यकर्ता बीके माला ने कहा कि प्रशासन सत्ताधारी दल के लिए अलग नियम लागू करता है। वहीं कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने भी कहा है कि उक्त ग्राउंड यदि भाजपा को दिया गया है तो सभी को कार्यक्रमों के लिए मिलना चाहिए।

IMAGE CREDIT: patrika
Updated on:
1 Aug 2023, 3:04 AM IST
Published on: