
रीवा। दो दिन पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हुआ छात्र तीसरे दिन सकुशल वापस लौट आया। छात्र ट्रेन से दिल्ली चला गया था और डिप्रेशन में उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाने का प्रयास भी किया। वह बुधवार को वापस लौटकर आ गया जिसे पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। उसके बयान दर्ज करवाकर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सैनिक स्कूल से लापता हुआ था छात्र
सैनिक स्कूल में रहकर कक्षा दसवीं में पढऩे वाला छात्र दो दिन पूर्व रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। विद्यालय में अनुपस्थित मिलने पर शिक्षक ने शिकायत थाने में दर्ज कराई जिस पर पुलिस अपहरण कर मामला दर्ज कर उक्त छात्र की तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने सीएसपी शिवाली चतुर्वेदी व थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व टीम गठित कर बच्चे को ढूंढने के निर्देश दिये थे। पुलिस हर संभावित स्थानों में उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को उसे सैनिक स्कूल के कुछ छात्रों ने ट्रेन में वापस आते देखा था जिसकी सूचना स्कूल को दी।
पुलिस ने दर्ज कराए बयान
जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस टीमें सक्रिय हो गई और छात्र जैसे ही बस स्टैण्ड में पहुंचा तो उसे बरामद कर लिया गया। तत्काल उसे थाने लाया गया। पुलिस ने न्यायालय में धारा 164 के बयान दर्ज कराए गए है। बयान में उसने अपनी मर्जी से जाने की जानकारी दी है। बाद में उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया। वह दिल्ली से ट्रेन के सहारे प्रयागराज आया और वहां से फिर सतना पहुंच गया। सतना से बस में सवार होकर वह रीवा आया था।
हकलाने की समस्या की वजह से डिप्रेशन में था छात्र, पुलिस करायेगी काऊंसलिंग
उक्त बच्चा हकलाने की समस्या की वजह से डिप्रेशन में था। दरअसल उसको हकलाने की समस्या थी। उसको इस बात का तनाव था कि उसका पूरा बचपन पढ़ाई में गुजर गया और घर वाले उसके पीछे इतना पैसा खर्च करते है। घर वाले उससे जो उम्मीद कर रहे है वह बड़ा होकर उसे पूरा नहीं कर पायेगा। अपनी हकलाने की बीमारी की वजह से वह काफी तनाव में था। उसके डिप्रेशन को देखते हुए अब छात्र को काऊंसलिंग की व्यवस्था करवाई जा रही है ताकि वह इस तनाव से बाहर निकलकर अपने परिवार का सहारा बन सके।
सुसाइड नोट लिखकर निकला था छात्र, आत्महत्या करने का किया प्रयास
उक्त छात्र अपने स्कूल में सुसाइड नोट लिखकर निकला था जो घटना के बाद बरामद हुआ था। स्कूल से निकलकर उसने बीहर नदी में कूदने का प्रयास किया लेकिन हिम्मत नहीं हुई। आत्महत्या करने वह रेलवे स्टेशन आया और ट्रेन से दिल्ली चला गया। रास्ते में उसने कई बार आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन उसे अपनी गलती का अहसास हुआ और वह वापस घर लौट आया। संदेह के आधार पर पुलिस बीहर नदी में भी उसकी तलाश कर रही थी।
पूरे मामले की चल रही जांच
सैनिक स्कूल में पढऩे वाला छात्र लापता हो गया था जिस पर विवि थाने में अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया है। वह अपनी हकलाने की बीमारी की वजह से डिप्रेशन में था। उसको काऊंसलिंग देकर इस डिप्रेशन से निकालने का प्रयास किया जायेगा।
अनिल सोनकर, एएसपी रीवा