
रीवा. मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संबल योजना के तहत कनेक्शन देने में लापरवाही बरती जा रही है। कार्य अत्यंत धीमे गति से चल रहा है।
तीन जोन में 11046 उपभोक्ताओं को संबल योजना के तहत विद्युत कनेक्शन देने हैं लेकिन अभी तक मात्र 6500 कनेक्शन दिए जा सके हैं। जिले को तीन जोन में बांटा गया है।
जोन क्रमांक तीन के प्रभारी इंजीनियर चंचल गुप्ता ने बताया कि जोन तीन में 4159 उपभोक्ताओं को बिजली बिल समाधान योजना के तहत बिजली बिल माफ की गई है। जिसमें 3046 लोगों को सरल योजना के तहत लाभ दिया जाना है।
श्रमिक आईडी नंबर अपडेट किए जा रहे हैं। क्रमश: आईडी अपडेट होने के साथ कनेक्शन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हमारे यहां 58 फीसदी काम पूरा हो गया है।
बिजली अधिकारियों के मुताबिक कनेक्शन देने के लिए संबल योजना के तहत कैंप लगाकर कार्य किया जा रहे हैं। शुक्रवार को भी शहर में कुछ स्थानों पर कैंप लगाकर कनेक्शन दिए गए। कैंप में 150 प्रमाण पत्र दिए गए।
बिजली विभाग के अधिकारी भले ही यह दावा कर रहे हों कि कार्य तेजी से हो रहा है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ ओर है। पांच हजार से ज्यादा हितग्राहियों को कनेक्शन नहीं मिल पाना यह स्पष्ट करता है कि कार्य में गंभीरता नहीं बरती जा रही है।
सरल बिजली बिल योजना के तहत पंजीकृत हितग्राहियों को कर्मकार मंडल एवं भवन निर्माण श्रमिक परिवारों के घरेलू संयोजन के लिए मात्र 200 रुपए प्रतिमाह का विद्युत बिल देना होगा। एयर कंडीशनर, हीटर इत्यादि का उपयोग करने वाले तथा 1000 वॉट से अधिक संयोजित भार वाले उपभोक्ता इस योजना के लिए अपात्र होंगे।
योजना में शामिल होने हितग्राही को श्रमिक आईडी की आवश्यकता होगी। विद्युत उपभोक्ता संबंधित वितरण केन्द्र जोन अथवा शिविर में मात्र आवेदन देकर योजना का लाभ ले रहे हैं। पात्र हितग्राहियों की पहचान कर व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर योजना का लाभ देना है।