रोहतक

दोनों तरफ से बंद था दरवाजा- अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी के पत्नी की मौत पर पुलिस के बयान से बढ़ा सस्पेंस

Sheelu Balhara wife death news: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान का शव दोनों तरफ से बंद कमरे में मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पिता की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है।
2 min read
Aug 01, 2026
Sheelu Balhara wife death news
अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी खिलाड़ी की मौत पर पुलिस के बयान से बढ़ा सस्पेंस, फोटो सोर्स- एक्स ( @Delhiite_ )

Kabaddi player Sheelu Balhara wife Muskan: रोहतक में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम को कमरे का दरवाजा दोनों तरफ से बंद मिला, जिसे तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस के इस खुलासे के बाद पूरे मामले में सस्पेंस और गहरा गया है।

बंद कमरे से बरामद हुआ शव, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

बहू-अकबरपुर थाना के एसएचओ (SHO) जसबीर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया है कि 31 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि दरवाजे दोनों तरफ से लॉक थे, जिन्हें पुलिस टीम ने तोड़कर खोला। पुलिस के अनुसार, कमरे की तलाशी और निरीक्षण के दौरान कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई अन्य सबूत बरामद नहीं हुआ है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए हैं।

मायके वालों की शिकायत पर केस दर्ज

एसएचओ जसबीर सिंह ने बताया कि मृतका मुस्कान के पिता देर रात करीब 2 से 3 बजे थाने पहुंचे और उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मुस्कान की मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुस्कान के पिता ने लगाए गंभीर आरोप

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतका मुस्कान के पिता सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी की शादी 8 दिसंबर 2023 को महम के फरमाणा गांव से बहुअकबरपुर निवासी शीलू बल्हारा के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग मुस्कान को दहेज कम लाने को लेकर प्रताड़ित करने लगे थे। इस मामले में दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन इसके बावजूद बेटी के साथ कथित उत्पीड़न और प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।

पति पर मारपीट और अवैध संबंधों के आरोप

सुखबीर का आरोप है कि मुस्कान को अपने पति शीलू के अन्य लड़कियों से कथित अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई थी और उसके पास इसके कुछ सबूत भी थे। इसके बाद शीलू अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और उसे तलाक देने की धमकी देता था। पिता के अनुसार, करीब 15 दिन पहले मुस्कान नाराज होकर मायके आ गई थी, लेकिन उन्होंने समझाइश देकर उसे दोबारा ससुराल भेज दिया। अब उन्हें अफसोस है कि यदि उस समय बेटी को वापस नहीं भेजते तो शायद उसकी जान बच जाती।

मौत से पहले जताया था जान का खतरा

शिकायत में सुखबीर ने यह भी बताया कि शुक्रवार को मुस्कान ने उन्हें फोन कर कहा था कि उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसके खिलाफ साजिश रच रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इसके बाद जब उससे दोबारा संपर्क नहीं हो सका तो वह परिजनों के साथ बहुअकबरपुर पहुंचे। वहां उन्होंने मुस्कान का शव चारपाई पर पड़ा देखा। सुखबीर ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Updated on:
01 Aug 2026 04:35 pm
Published on:
01 Aug 2026 04:32 pm