19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वीडियो कॉल पर पिस्तौल दिखाना पड़ा भारी; सीने में लगी गोली, रोहतक में दूल्हा बनने से पहले जेल पहुंचा दोस्त

Anand Shot Dead Rohtak: रोहतक के डोभ गांव में आनंद की छाती में गोली लगने से मौत के मामले में उसका दोस्त राहुल गिरफ्तार हो गया है, जिसकी 15 मई को शादी थी। राहुल के परिवार का दावा है कि आनंद ने वीडियो कॉल के दौरान खुद को गोली मारी।

3 min read
Google source verification

रोहतक

image

Imran Ansari

May 19, 2026

Anand Shot Dead Rohtak

ट्रिगर दब गया और गोली सीधे आनंद के सीने में जा धंसी

Rohtak Crime News: हरियाणा के रोहतक जिले के डोभ गांव में बीते 7 मई को हुई युवक आनंद की संदिग्ध मौत के मामले ने एक नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। जिस दोस्त राहुल को 15 मई को सेहरा सजाकर दूल्हा बनना था, वह अपनी शादी से ठीक पहले आनंद की हत्या के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल और उसके एक अन्य साथी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, राहुल के परिजनों ने इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि आनंद की मौत कोई हत्या नहीं बल्कि एक दुखद हादसा (आत्महत्या या मिसफायर) है, और आनंद के परिवार ने रंजिश के तहत उनके निर्दोष बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाकर उसकी शादी और जिंदगी दोनों बर्बाद कर दी।

शादी का कार्ड देने जाने वाले थे दोनों दोस्त

आपको बता दें कि यह पूरी घटना उस घर में हुई जो आरोपी राहुल का है। राहुल और उसके बड़े भाई अंकित दोनों की शादी 15 मई को तय थी, जिसकी तैयारियां घर में जोर-शोर से चल रही थीं। मृतक आनंद और राहुल बेहद घनिष्ठ मित्र थे। घटना वाले दिन आनंद विशेष रूप से राहुल के घर आया था, क्योंकि दोनों को मिलकर आनंद की बहन के घर शादी का न्योता (कार्ड) देने जाना था। लेकिन कार्ड बांटने की खुशियों के बीच अचानक मौत का तांडव शुरू हो गया।

वीडियो कॉल पर पिस्तौल दिखाते समय हुआ मिसफायर!

घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए राहुल के बड़े भाई अंकित ने एक बेहद सनसनीखेज दावा किया है। अंकित के मुताबिक, 7 मई को जब आनंद उनके घर आया, तब राहुल नीचे बैठकर खाना खा रहा था। इसी दौरान आनंद के मोबाइल पर किसी महिला का वीडियो कॉल आया। बात करते-करते आनंद घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में चला गया। उस कमरे में आनंद के मामा की लाइसेंसी पिस्तौल रखी हुई थी। अंकित का आरोप है कि वीडियो कॉल पर बात करते हुए आनंद ने वह पिस्तौल उठा ली और कॉल पर मौजूद महिला को डराने या प्रभाव जमाने के लिए उसे अपनी छाती पर तान लिया। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे आनंद के सीने में जा धंसी।

चीख सुनकर दौड़ा दोस्त, अस्पताल में तोड़ा दम

गोली चलने की जोरदार आवाज सुनकर नीचे खाना खा रहा राहुल घबराकर ऊपर भागा। वहां आनंद लहूलुहान हालत में तड़प रहा था। राहुल ने बिना वक्त गंवाए अपने दोस्तों को फोन किया और आनंद को तुरंत गाड़ी में डालकर एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब राहुल ऊपर पहुंचा, तब भी मोबाइल पर वीडियो कॉल चालू थी। इस मामले में पुलिस ने उस वीडियो कॉल वाली महिला को भी जांच में शामिल किया है, जिसने अपने आधिकारिक बयान दर्ज कराए हैं।

परिजनों की गुहार- मेरा बेटा बेकसूर

राहुल के पिता राज सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि आनंद ने जब खुद को गोली मारी, तब वह कमरे में पूरी तरह अकेला था। राहुल और उसके साथियों ने तो एक अच्छे दोस्त का फर्ज निभाते हुए उसे बचाने के लिए अस्पताल पहुंचाया था। आनंद के भाई ने पुलिस को गुमराह कर झूठी शिकायत दर्ज कराई है, जिससे दो सगे भाइयों की शादी वाले घर में मातम पसर गया।

पुलिस की कार्रवाई

रोहतक पुलिस के पीआरओ मनीष हुड्डा ने मामले की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि डोभ गांव में आनंद की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस गहनता से तफ्तीश कर रही है। मृतक के भाई दीपक की लिखित शिकायत के आधार पर हत्या से संबंधित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल को पहले ही दबोच लिया था, और अब इस मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी मंजीत को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पिस्तौल के फॉरेंसिक साक्ष्य और महिला के बयानों के आधार पर मामले की सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।