
पुलिस की गाड़ी पर भी हमला
Noida Employee Protest:नोएडा के सेक्टर-81 स्थित मदरसन कंपनी के बाहर आज कर्मचारियों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ताक पर रख दिया। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी इतने उग्र हो गए कि उन्होंने न केवल कंपनी में तोड़फोड़ की, बल्कि मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस की टीम पर भी हमला बोल दिया और बीच सड़क पर सरकारी गाड़ी के परखच्चे उड़ा दिए। इस हिंसक झड़प और पथराव के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भारी पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा है।
आपको बता दें कि आज यानी कि सोमवार को सैलरी में बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन पर उतरे कर्मचारियों ने आज नोएडा की सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने न केवल नारेबाजी की, बल्कि गुस्से में आकर निजी गाड़ियों और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाते हुए उनमें जमकर तोड़फोड़ की। कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों की ओर से की गई पत्थरबाजी और आगजनी ने स्थिति को बेहद विस्फोटक बना दिया, जिससे शहर की रफ्तार थम गई।
बिगड़ते हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन को मौके पर भारी पुलिस कुमुक बुलानी पड़ी। जब प्रदर्शनकारी शांत नहीं हुए, तो पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा और उग्र भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे गए। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है और पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात है ताकि हिंसा की दोबारा पुनरावृत्ति न हो सके।
पुलिस के अनुसार, नोएडा के फेज-2 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से मदरसन, ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट, एसएनडी और अनुभव जैसी बड़ी कंपनियों के कर्मचारी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। तनाव उस वक्त चरम पर पहुंच गया जब 500 से अधिक कर्मचारी अकेले मदरसन कंपनी के बाहर जमा हो गए और यहीं से हिंसा की शुरुआत हुई। इस आंदोलन की आंच अब नोएडा के अन्य हिस्सों तक भी पहुंच गई है, जहां सेक्टर 1, 15 और 62 में सैकड़ों कर्मचारी सड़कों पर उतरकर कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इस व्यापक विरोध प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है और अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने की कोशिशों में जुटे हैं।
Published on:
13 Apr 2026 11:27 am
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
