
रोहतक में कार से मिली दिल्ली पुलिसकर्मी की लाश
Delhi Police Constable Death: हरियाणा के रोहतक जिले में सांपला हाईवे के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दअसल,यहां पर कनक ढाबे के सामने हाईवे किनारे खड़ी एक हुंडई i-20 कार के भीतर दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव बरामद हुआ है। मृतक जवान की पहचान 36 साल के सुधीर के रूप में हुई है, जो दिल्ली के आदर्श नगर थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। शुरुआती जांच में शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि कार के भीतर दम घुटने या हार्ट अटैक के कारण यह दुखद हादसा हुआ है।
वहीं, इस मामले को लेकर परिजनों का कहना है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बड़े प्रदर्शन को देखते हुए कांस्टेबल सुधीर की विशेष अरेंजमेंट ड्यूटी लगाई गई थी। प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सुधीर पिछले दो दिनों से लगातार लंबी ड्यूटी कर रहे थे और बेहद थके होने के कारण घर भी नहीं लौट पाए थे। उनका कहना है कि रविवार शाम को जब उनकी ड्यूटी खत्म हुई, तो वह अपने घर के लिए रवाना हुए। अनुमान लगाया जा रहा है कि थकान अधिक होने के कारण उन्होंने हाईवे किनारे गाड़ी रोककर आराम करने का फैसला किया। कार की ड्राइवर सीट पूरी तरह से पीछे की ओर 'रेस्ट पोजीशन' में खिसकाई हुई थी और गाड़ी के सभी शीशे पूरी तरह बंद थे, जिसके कारण कार के भीतर ऑक्सीजन की कमी होने या दम घुटने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली पुलिसकर्मी की मौत मामले में सांपला SHO प्रदीप ने जानकारी दी कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस को राहगीरों के जरिए सूचना मिली कि एक i-20 कार में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कार के दरवाजे अनलॉक (खुले) थे और सुधीर का शव ड्राइविंग सीट पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना सुधीर के परिवार को दी, जिसके बाद झज्जर के गांव आसौदा से उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सुधीर के परिवार में उनकी 13 साल की बेटी और 6 साल का एक मासूम बेटा है। पिता की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया है।
Updated on:
08 Jun 2026 03:37 pm
Published on:
08 Jun 2026 03:10 pm
बड़ी खबरें
View Allरोहतक
हरियाणा
ट्रेंडिंग
