सागर

22 दिन में दूसरी बार नल से आए कीड़े तो निगम के ब्रांड एम्बेसडर ने दी पद छोड़ने की चेतावनी, आननफानन में बदला गया कनेक्शन

Apr 20, 2026
Feature image

सिविल लाइन वार्ड स्थित इंद्रानगर में नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर के घर 22 दिन में दूसरी बार नल से कीड़े निकलने का मामला सामने आया है। जहां निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर मनीष बोहरे ने निगम के अधिकारियों को चेतावनी दी कि वह अपना पद छोड़ रहे हैं, क्योंकि हम अपने ही घर पर साफ पानी नहीं दिलवा पा रहे हैं।
ब्रांड एम्बेसडर की चेतावनी के बाद निगम अमला हरकत में आया। अधिकारियों ने ब्रांड एम्बेसडर को मनाया और आनन-फानन में टाटा एजेंसी के कर्मचारी व निगम के इंजीनियर मौके पर पहुंचे। मनीष बोहरे का नल कनेक्शन अलग लाइन से कराया गया और पूरी लाइन की फिर से जांच कराई गई।

29 मार्च को ही साफ की थी पाइपलाइन

दरअसल, 29 मार्च को भी मनीष बोहरे के घर के नल कनेक्शन में 2 गौंच (कीड़े) निकले थे, जिसके बाद जब मामला सुर्खियों में आया तो यहां टाटा एजेंसी ने पाइपलाइन की सफाई की गई थी। हांलांकि पाइप लाइन में कोई गंदगी नहीं मिली थी। पानी के सैंपल भी लिए गए थे और जांच में पानी साफ बताया था। कर्मचारियों ने बताया था कि नल कनेक्शन में ही समस्या थी, जिसे दूर कर दिया है, लेकिन रविवार 19 अप्रेल को फिर से मनीष बोहरे के नल से गौंच निकलीं।

अधिकारियों ने ब्रांड एम्बेसडर को मनाया, कर्मियों को फटकारा

स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर मनीष बोहरे ने बताया कि 29 मार्च के बाद एक बार और बीच में नल से गौंच निकली थी, उसकी शिकायत भी की थी, लेकिन रविवार को जब तीसरी बार नल से गौंच निकलीं तो मुझे लगा कि शहर में आम लोग पेयजल की शुद्धता पर सवाल उठा रहे हैं तो निश्चित ही यह बड़ी समस्या है और इसका समाधान होना चाहिए। उन्होंने निगम में ब्रांड एम्बेसडर के पद छोड़ने की बात कही थी। वहीं निगम की जल प्रदाय शाखा ने कहा कि ब्रांड एम्बेसडर के घर दूसरी लाइन से नया कनेक्शन कर दिया गया है। अब ब्रांड एम्बेसडर इस्तीफा नहीं दे रहे हैं।

पुरानी लाइन नहीं बदली, टेंडर-टेंडर खेल रहा निगम

शहर में करीब 46 किमी पुरानी लाइन में लीकेज का खुलासा पहले ही हो चुका है, वहीं टाटा एजेंसी द्वारा डाली गई नई लाइनों से भी दूषित जल सप्लाई होने की रोज शिकायतें आ रहीं हैं। नगर निगम के पार्षद लगातार निगमायुक्त से शिकायतें कर रहे हैं। परिषद की बैठक में भी हंगामा हो चुका है, लेकिन शहर में दूषित जल सप्लाई पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। जो 46 किमी लाइन बदली जाना थी, अभी तक उसके टेंडर ओपन नहीं हुए हैं।

Updated on:
20 Apr 2026 05:23 pm
Published on:
20 Apr 2026 05:23 pm