20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सागर में मामूली हादसे के बाद साम्प्रदायिक तनाव, दो पक्षों में मारपीट के बाद भारी पुलिसबल तैनात

Sagar News : कैंट थाना क्षेत्र में युवक से मारपीट के बाद इलाके में तनाव। हादसे ने साम्प्रदायिक रूप धारण किया। शिकायत लेकर पहुंचे दोनों पक्ष थाना परिसर में भी भिड़े। हालात संभालने चार थानों की पुलिस तैनात करनी पड़ी। फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील।

2 min read
Google source verification
Sagar News

सदर इलाके में हादसे ने धारण किया साम्प्रदायिक रूप (Photo Source- Input)

Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर शहर के सदर इलाके में रविवार रात को हुए एक सड़क हादसे के बाद दो बाइक सवारों के बीच शुरु हुई कहासूनी और मारपीट ने इलाके में तनाव का रूप धारण कर लिया। यहां हादसे को साम्प्रदायिक रूप देने की कोशिश में हालात बिगड़ गए। देखते ही देखने दो समुदाय के लोग आमने - सामने आ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसे संभालने के लिए शहर के सभी थाना प्रभारियों को सदर इलाके में भेजा गया। पहले तो भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रण में लिया। इसके बाद पुलिस ने सड़क पर फ्लैग मार्च निकालकर दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की।

दरअसल, कैंट थाना इलाके में रात करीब 9:30 बजे संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास दो युवकों की बाइक आपस में टकरा गई। टक्कर के चलते शुरु हुई कहासुनी में सौरभ भाटिया नाम के युवक के साथ समुदाय विशेष के बाइक सवार ने मारपीट कर दी। सौरभ घायल अवस्था में घर पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिवार को दी। परिवार वाले शिकायत लेकर समुदाय विशेष के लोगों के पास पहुंचे। यहां स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि, यहां भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके चलते समुदाय विशेष के लोगों ने लाठी - डंडों से सौरभ के पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया।

थाना परिसर के पास भी भिड़े दोनों पक्ष

हालांकि, कुछ देर बाद दोनों पक्षों के लोग अपनी - अपनी शिकायतें लेकर कैंट थाने पहुंचे। लेकिन, कैंट थाना परिसर के पास भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख कैंट थाने के साथ, मोतीनगर, कोतवाली, सिविल लाइन थाना प्रभारी भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते थाना परिसर अचानक छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थितियों का जायजा लिया।

घायल युवक का इलाज के लिए भेजा अस्पताल

इधर, मारपीट में घायल हुए सौरभ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ शुरु कर दी गई है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल न रहे इसके लिए इलाके में पुलिसबल तैनात किया गया है। सड़क से पुलिस अधिकारियों नें दल बल के साथ फ्लैग मार्च कर दोनों पक्षों से हालात सामान्य बनाए रखने की अपील की है।