सागर

रामनवमी पर निकाली गई भव्य पालकी यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

कोलकाता की रौद्र महाकाली रहीं आकर्षण का केन्द्र, नृत्यों ने मोहा मन, गूंजे भगवान राम के जयकारे

less than 1 minute read
Apr 07, 2025
झांकियां, नृत्य देखने उमड़ी भीड़

बीना. श्री नरसिंह हिंदू संगठन के तत्वावधान में रामनवमी पर भव्य पालकी यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से निकाली गई। आयोजन की तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थी और पूरे शहर को भगवा ध्वज से सजाया गया था। दोपहर में भगवान नरसिंह मंदिर पर भगवान का जन्मोत्सव मनाया गया और शाम को पालकी यात्रा शुरू हुई। यात्रा में झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी। नरसिंह मंदिर से यात्रा शुरू होकर सर्वोदय चौराहा, स्टेशन रोड, गांधी तिराहा, महावीर चौक, कच्चा रोड होते हुए मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा में सबसे आगे घोड़े पर ध्वज लेकर युवक चल रहे थे उसके पीछे झांकियां थीं।
शोभायात्रा में कोलकाता से आई रौद्र महाकाली (32 मुखी) सबसे ज्यादा आकर्षण का केन्द्र रही, इसमें वृंदावन की महा रासलीला ने लोगों का मनमोह लिया, हरियाणा के बाहुबली हनुमान जी ने भगवान राम के भजनों पर नृत्य किया। वहीं, काशी से बाहुबली भगवान शिव और अघोरी नृत्य देखकर दर्शक दंग रह गए। अयोध्या में विराजमान भगवान रामलला की झांकी भी इसमें सजाई गई। 12 ज्योर्तिलिंग की झांकी ने लोगों को आकर्षित किया। इसके अलावा शोभायात्रा में नौ देवियों के साथ राक्षसों का महायुद्ध, आंध्रप्रदेश स्थित तिरुमाला वेंकटेश बालाजी की सजीव झांकी सजाई, राजस्थान स्थित श्रीनाथ की झांकी, भगवान विष्णु के विराट महादर्शन, भगवान नरसिंह के रौद्ररूप की झांकी भी शामिल हुई। शोभायात्रा में इस्कान मंदिर से आए प्रभुजी ने संकीर्तन, बुंदेलखंड का शेर नृत्य, बुंदेली बधाई नृत्य, राम-शबरी की झांकी, भरत मिलाप, तलवार एवं दंड युद्ध, गरबा नृत्य शामिल था।

सजाया पूरा शहर
सर्वोदय चौराहा पर विशेष सजावट की गई थी। इसके अलावा मुख्य मार्गों पर भगवा ध्वज, भगवान के पोस्टर लगाकर पूरे शहर को सजाया गया था। नवरात्र के पहले से ही शहर में सजावट शुरू हो गई थी।

Published on:
07 Apr 2025 12:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर