सागर

अर्बन चैलेंज फंड के तहत नगर पालिका का चार मंजिला भवन बनाने भेजा प्रस्ताव, स्वीकृति मिलने का इंतजार

एक मंजिल पर संचालित होंगी नपा, तीन मंजिलों पर बनेंगे शॉपिंग मॉल, नीचे होगी पार्किंग व्यवस्था, अभी शहर में कहीं नहीं है पर्किंग व्यवस्था, भवन बनने से लोगों को होगी सुविधा

2 min read
May 11, 2026
नगर पालिका भवन। फोटो-पत्रिका

बीना. शहर में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और नगर पालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सीएमओ ने अर्बन चैलेंज फंड के तहत चार मंजिला बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। नगर पालिका भवन निर्माण के लिए लंबे समय से जमीन भी तलाशी जा रही थी, लेकिन जमीन नहीं मिली है। यदि यह प्रस्ताव पारित होता है, तो अच्छा भवन मिल जाएगा।
प्रस्तावित भवन में एक मंजिल पर नगर पालिका संचालित होगी, जबकि तीन मंजिलों पर शॉपिंग मॉल विकसित होंगे। भवन के नीचे पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या को बहुत हद तक खत्म होगी। इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही पीछे बने नए दो हॉलों में नगर पालिका को शिफ्ट कर दिया जाएगा और पुराना भवन तोडकऱ नए भवन का निर्माण शुरू होगा।

योजना के तहत 25 प्रतिशत राशि मिलेगी शासन से
अर्बन चैलेज फंड योजना के तहत 25 प्रतिशत राशि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी और 75 प्रतिशत राशि पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत निवेशकों के माध्यम से जुटाई जाएगी। पीपीपी मॉडल से परियोजना को तेजी से पूरा करने के साथ आधुनिक सुविधाओं का विकास भी बेहतर तरीके से होगा।

वर्तमान में जगह का है अभाव
वर्तमान नगर पालिका भवन में सीमित जगह होने के कारण सभी कार्यालयों का संचालन करने में परेशानी होती है। नए भवन के बनने से सभी विभाग व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेंगे और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वर्तमान में छोटे-छोटे कमरों में कार्यालय चल रहे हैं, जिससे रिकॉर्ड रखने और बैठने में परेशानी होती है। यदि ज्यादा उपभोक्ता आ जाएं तो खड़े होने भी जगह नहीं मिलती है।

बाजार में कहीं नहीं है पार्किंग की व्यवस्था
शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों के कारण पार्किंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। भवन के नीचे पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे बाजार आने वाले वाहन चालकों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।

भेजा है प्रस्ताव
अर्बन चैलेंज फंड के तहत प्रस्ताव मांगा गया था, जिसके तहत नगर पालिका भवन का प्रस्ताव भेजा गया है। यह भवन चार मंजिला होगा और नीचे पार्किंग रहेगी।
राहुल कौरव, सीएमओ, बीना

Published on:
11 May 2026 11:50 am
Also Read
View All