सागर

मंदिरों में होगी अबीर-गुलाल की होली, चांदी की पिचकारी से बरसेगा भगवान पर रंग

रंगपंचमी पर रविवार को शहर के विभिन्न मंदिरों में फूलों व अबीर-गुलाल की होली खेली जाएगी। पांच दिवसीय फागोत्सव का समापन होगा। इसमें मुख्य रूप से देव लक्ष्मीनारायण मंदिर, देव बांके राघव मंदिर, देव धनेश्वर मंदिर, काकागंज हनुमान मंदिर सहित अन्य श्रीकृष्ण मंदिरों में फागोत्सव मनाया जाएगा। शहर में बुंदेलखंड की परंपरागत फागों के गायन […]

2 min read
Mar 08, 2026

रंगपंचमी पर रविवार को शहर के विभिन्न मंदिरों में फूलों व अबीर-गुलाल की होली खेली जाएगी। पांच दिवसीय फागोत्सव का समापन होगा। इसमें मुख्य रूप से देव लक्ष्मीनारायण मंदिर, देव बांके राघव मंदिर, देव धनेश्वर मंदिर, काकागंज हनुमान मंदिर सहित अन्य श्रीकृष्ण मंदिरों में फागोत्सव मनाया जाएगा। शहर में बुंदेलखंड की परंपरागत फागों के गायन के साथ ही टोलियां गुलाल उड़ाकर फागोत्सव का आनंद लेती नजर आएंगी। शहर में कई स्थानों पर सामाजिक होली मिलन के आयोजन भी होंगे।

देव बांके राघवजी सरकार भक्तों के संग खेलेंगे फाग

बड़ा बाजार स्थित देव बांके राघवजी मंदिर में दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक रंगपंचमी महोत्सव मनाया जाएगा। पुजारी निताईदास ने बताया कि सुबह ठाकुरजी का अभिषेक पूजन होगा। दोपहर 12 बजे राजभोग आरती के बाद ठाकुरजी श्वेत पोशाक धारण कर भक्तों के संग होली खेलने गर्भगृह से बाहर आएंगे और भजन कीर्तन के साथ फागों का गायन होगा। राघवजी सरकार फूल डोल में विराजमान होकर टेसू के फूल के रंग व 51 किग्रा अबीर-गुलाल से भक्तों के संग फागोत्सव मनाएंगे। चांदी की पिचकारी एवं मशीन से भक्तों पर गुलाल उठाई जाएगी। बरसाने की प्रसिद्ध लट्ठमार होली भी होगी। प्रसादी में 25 लीटर ठंडाई भांग का वितरण किया जाएगा।

लक्ष्मीनारायण मंदिर में 51 किग्रा सतरंगी फूलों से होली उत्सव

कोतवाली रोड स्थित देव लक्ष्मी नारायण मंदिर में रंगपंचमी पर गुलाब व अन्य प्रकार के फूलों से फागोत्सव मनाया जाएगा। पुजारी राजेश मिश्रा ने बताया कि सुबह नित्य पूजन अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजे राजभोग आरती में भोग लगाया जाएगा। शाम 6 बजे से रंगपंचमी महोत्सव शुरू होगा। द्वारिकाधीश भजन मंडली यहां फागों व भजनों की प्रस्तुति देगी। संध्या आरती के बाद फूलों की होली खेली जाएगी। शयन आरती के बाद भक्तों को प्रसादी का वितरण होगा।

रसिक बिहारी मंदिर में मनेगी दूसरी वर्षगांठ

बड़ा बाजार के देव रसिक बिहारी सरकार का दूसरा वर्षगांठ महोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक ठाकुरजी का महाअभिषेक एवं हवन कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे से भजन संध्या के साथ ही भगवान एवं भक्तों के बीच फूल होली खेली जाएगी। आरती के बाद एक क्विंटल खीर की प्रसादी वितरित की जाएगी। दूसरे वर्षगांठ महोत्सव की तैयारी हो गईं हैं।

Published on:
08 Mar 2026 04:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर