
sagar liquor shop assault case second youth dies after attack
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले की शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बरेठा बाबा की घाटी के पास शराब ठेकेदार के गुर्गों की मारपीट में घायल हुए दूसरे युवक की शनिवार की देर रात 26 घंटे के बाद मौत हो गई। शुक्रवार रात 10 बजे शाहपुर शराब दुकान के कर्मचारियों सहित आधा दर्जन लोगों ने अवैध शराब की तस्करी के शक में दो लोगों नीरज प्रजापति और सूरज अहिरवार के साथ मारपीट की थी। इस वारदात में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे दूसरे व्यक्ति सूरज ने भी दम तोड़ दिया। रविवार की सुबह परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने शाहपुर बस स्टैंड के पास सागर-बंडा रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। यह मार्ग करीब 4 घंटे तक बंद रहा।
रहली विधानसभा क्षेत्र का मामला होने के कारण रहली विधायक गोपाल भार्गव अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की बात को गंभीरता से सुना और फिर अपराध में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। रहली विधायक ने दोनों पीड़ित परिवारों को दस-दस लाख रुपए की सहायता राशि दिलाए जाने व आरोपियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। भार्गव ने कहा कि गांव-गांव में अवैध शराब का कारोबार फैल रहा है। यह सिर्फ कानून व्यवस्था का विषय नहीं है बल्कि समाज और परिवारों को प्रभावित करने वाला गंभीर मुद्दा है। विधायक भार्गव व अधिकारियों की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और पुलिस ने शव पीएम के लिए भेजा।
मौत से पहले सूरज ने अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने के आरोप लगाए थे। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने 5 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया था। मृतकों के परिजनों ने शाहपुर पुलिस पर शराब कारोबारियों से मिलीभगत के आरोप लगाए हैं और उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वारदात के 48 घंटे बाद भी एक भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई है।
एसएसपी सागर लोकेश सिन्हा ने बताया कि मारपीट के मामले में दूसरे व्यक्ति की भी मौत हुई है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा। आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड चैक किया जा रहा है। सभी आरोपियों की तलाश जारी है। बता दें कि पहली मौत के बाद गुस्साए लोगों ने शराब दुकान में आग लगा दी थी और चक्काजाम कर प्रदर्शन भी किया था।
Published on:
10 May 2026 09:43 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
