9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सागर में शराब दुकान के कर्मचारियों ने दो लोगों को बेरहमी से पीटा, एक की मौत

MP News: अवैध शराब तस्करी विवाद में दो लोगों पर शराब दुकान कर्मचारियों ने की मारपीट, एक युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने शराब दुकान में लगाई आग, चक्काजाम भी किया।

2 min read
Google source verification
sagar

liquor shop employees accused of murder in sagar

MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले के शाहपुर क्षेत्र के बरेठा बाबा की घाटी के पास अवैध शराब परिवहन के पुराने विवाद को लेकर शराब दुकान के कर्मचारियों ने दो लोगों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की। इस घटना में नीरज प्रजापति 38 वर्ष की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सूरज अहिरवार 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। शराब दुकान के कर्मचारियों के द्वारा मारपीट में नीरज की मौत होने की खबर लगते ही नीरज के परिजन व गुस्साए लोगों ने शराब दुकान पर धावा बोल दिया और शराब दुकान में आग लगा दी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने चक्काजाम भी किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने घायल और परिजनों के बयान के आधार पर 5 लोगों पर नामजद हत्या का मामला प्रकरण दर्ज किया है।

10-12 लोगों ने बेहोश होने तक पीटा

घायल सूरज ने बताया कि देर रात 10-12 हमलावरों ने नीरज को बर्बरात पूर्वक पीटा और शव को गढ़ाकोटा रोड पर फेंककर सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। मैं किसी तरह भाग निकला, जबकि नीरज मौके पर बेहोश हो गया। शनिवार सुबह शव सड़क किनारे मिला। सूरज ने मारपीट में अंशुल यादव, छोटू, भगवत पटेल, नीलेश अहिरवार समेत अन्य के शामिल होने के आरोप लगाए हैं। वहीं जिला अस्पताल में नीरज के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि नीरज की मौत का कारण शरीर की हड्डियां व पसलियां टूटना है। मारपीट के कारण उसका पूरा शरीर नीला पड़ गया था। इसी वजह से उसकी मौत हुई है।

शराब दुकान में लगाई आग

परिजनों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के शराब दुकान के कर्मचारियों ने दोनों के साथ मारपीट की है। इसी बात से गुस्साए परिजनों ने शनिवार को शराब दुकान को आग के हवाले कर दिया और फिर क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया और यातायात को बहाल कराया। पुलिस ने घायल और परिजनों के बयान के आधार पर 5 लोगों पर नामजद हत्या का मामला प्रकरण दर्ज किया है।

पीएम की कराई वीडियोग्राफी

जिला अस्पताल में शनिवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से पैनल पोस्टमार्टम कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मृतक के सिर को छोड़कर पूरे शरीर पर नीले निशान थे, रीढ़ की हड्डी टूटी हुई थी। वहीं नीरज के साथी सूरज की हालत फिलहाल ठीक है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। एएसपी सागर लोकेश सिन्हा ने बताया कि मृतक के परिजनों और घायल के बयान के आधार पर पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है, फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगातार सर्चिंग कर रही है।