
सागर. डायवर्सन शुल्क जमा न करने से कुर्क हुई सहारा इंडिया की करीब सौ एकड़ भूमि के लिए शुक्रवार को तहसील कार्यालय में नीलामी के लिए बोली लगाई गई, लेकिन सरकारी रेट से कम बोली लगने पर नीलामी टाल दी गई। अब कलेक्टर
जानकारी देने के बाद दोबारा नीलामी की तिथि तय की जाएगी। दरअसल सहारा इंडिया व साथी फम्र्स ने उक्त भूमि का डायवर्शन शुल्क व ब्याज की राशि जमा न करने के चलते राजस्व विभाग जमीन कुर्क की थी। सागर तहसीलदार कोर्ट ने अंतिम सूचना जारी कर 20 मार्च के पहले राशि जमा करने का समय दिया था, लेकिन राशि जमा नहीं की थी। मिली जानकारी के अनुसार सागर-भोपाल नेशनल हाइवे पर लेहदरा मौजा के पटवारी हल्का नंबर 50 में 40.41 हेक्टेयर लगभग 100 एकड़ जमीन मुंबई की 10 अलग-अलग फम्र्स के नाम से रेकार्ड में दर्ज है। इन सभी फम्र्स पर 1.80 करोड़ रुपए डायवर्सन शुल्क व ब्याज की राशि बकाया है। नोटिस जारी करने के बाद भी जब बकाया राशि जमा नहीं की तो राजस्व विभाग ने जमीन की कुर्की कर ली थी। इसके बाद सागर तहसीलदार कोर्ट ने 7 मार्च को उद्घोषणा जारी करते हुए संस्थाओं को 20 मार्च के पहले राशि जमा करने का समय दिया था। तहसीलदार डॉ. नरेंद्र बाबू यादव ने बताया कि दो अलग-अलग
भूमियों के लिए 1 करोड. 43 लाख व 36 लाख रुपए की सरकारी बोली तय की गई थी। नीलामी में तीन फर्म शामिल हुई थीं। एक करोड़ 43 लाख की भूमि के लिए करीब 60 लाख व 36 लाख के रेट की भूमि के लिए करीब 8 लाख की बोली लगाईं गई थीं। उन्होंने बताया कि कम बोली लगाए जाने के कारण नीलामी स्थगित की गई है। मामले की फायल कलेक्टर को प्रेषित कर दोबारा नीलामी की तिथि तय की जाएगी।