
Sagar News : भारतीय रेलवे ने मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित बीना से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण रेल लाइनों पर ट्रेनों की गति बढ़ाने का फैसला लिया है। करौंदा-आगासोद, बीना - महादेवखेड़ी और बीना - कुरवाई केथोरा लाइनों में पूर्व से लागू स्थायी गति प्रतिबंध हटाने के साथ अधिकतम गति सीमा बढ़ा दी गई है। सबसे बड़ी राहत बीना-कुरवाई केथोरा रेलखंड पर मिली है, जहां ट्रेनों की गति 120 से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। वहीं, दो रेलखंडों पर पहले लागू 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा समाप्त कर दी गई है। रेलवे का यह कदम ट्रेनों की परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ समयबद्धता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में किए गए तकनीकी एवं इंजीनियरिंग सुधारों के बाद यह निर्णय लिया गया है। जानकारी के अनुसार करौंदा-आगासोद डाउन लाइन पर किलोमीटर 984/17 से 984/19 तक पहले 10 किलोमीटर प्रति घंटे का स्थायी गति प्रतिबंध लागू था। इसे तत्काल प्रभाव से हटाकर अधिकतम अनुमेय गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
इसी तरह बीना-महादेवखेड़ी डाउन लाइन पर किलोमीटर 975.400 से 975.700 तक पहले ट्रेनों को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की अनुमति थी। अब यह प्रतिबंध समाप्त कर अधिकतम गति सीमा 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। जबकि बीना-कुरवाई केथोरा अप लाइन पर किलोमीटर 974/25 से 974/19 तक पहले निर्धारित 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा को बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया है।
भोपाल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि, संबंधित रेल लाइनों में तकनीकी एवं इंजीनियरिंग सुधारों के बाद स्थायी गति प्रतिबंध हटाने और अधिकतम गति सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे रेल परिचालन अधिक सुगम होगा तथा ट्रेनों की परिचालन क्षमता और समयबद्धता में सुधार आएगा। यात्रियों को भी इसका लाभ बेहतर एवं समयबद्ध रेल सेवाओं के रूप में मिलेगा।