सागर

DRM की फटकार भी बेअसर, बीना स्टेशन पर सांड के पीछे 800 मीटर रेंगती रही महामना एक्सप्रेस

Bina Railway Station : डीआरएम की फटकार के बाद भी एमपी के सबसे बड़े रेल जंक्शन की व्यवस्था नहीं सुधर सकी। मवेशी आने से प्लेटफॉर्म पर 800 मीटर तक धीमी गति से चलानी पड़ी महामना एक्सप्रेस ट्रेन। कभी भी हो सकता है कोई बड़ा हादसा।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 1:13 PM IST
Bina Railway Station
प्लेटफाम पर सांड के पीछे रेंगती दिखी एक्सप्रेस ट्रेन (फोटो सोर्स: Patrika)

Sagar News : मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित मध्य प्रदेश के सबसे बड़े जंक्शन बीना रेलवे स्टेशन पर अधिकारी व्यवस्थाएं सुधारने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे रेलवे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। कुछ दिन पहले डीआरएम पंकज त्यागी ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय अधिकारियों को ट्रैक पर मवेशी होने की बात पर फटकार लगाई थी, इसके बाद भी यहां पर ऐसी व्यवस्था नहीं की है, जिससे मवेशी स्टेशन के अंदर तक नहीं पहुंचे।

दरअसल स्टेशन पर मवेशियों को घूमते हुए आसानी से देखा जा सकता है। एक तो पहले ही ट्रेन लेट चल रही है और दूसरी ओर अब स्टेशन पर मवेशी के कारण भी करीब पांच से दस मिनट का समय खराब हो रहा है, जिससे ट्रेन के चालक भी परेशान हैं। भोपाल की ओर से चार नंबर प्लेटफॉर्म पर आ रही महामना एक्सप्रेस के आगे एक सांड आ गया, जो भोपाल एंड से इंजन के आगे चल रहा था और झांसी एंड तक इंजन के आगे से नहीं हटा।

इस दौरान ट्रेन चालक हार्न बजाते हुए धीमी गति में ट्रेन को आगे बढ़ाते हुए लेकर गया, जिससे न सिर्फ समय की बर्बादी हुई, बल्कि टक्कर से सांड की जान जा सकती थी और इंजन को भी नुकसान होता वो अलग। मिली जानकारी के अनुसार, यहां एक दिन में ऐसा कई बार होता है।

यात्रियों पर हमला कर चोटिल भी किया

प्लेटफॉर्म नंबर एक पर करीब दर्जन भर मवेशी घूमते मिले, जो लोगों को मारकर चोटिल कर रहे हैं। इसी प्रकार स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री राज्यरानी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे, एक मवेशी ने यात्री को पीछे से आकर मार दिया, जिसमें उसे चोटें आई हैं। यात्री चाय हाथ में लिए हुए था, जो दूसरे यात्री के ऊपर जा गिरी। इस प्रकार की स्थिति यहां पर रोजना रहती है, फिर भी व्यवस्थाएं सुधारने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

वंदे भारत, तमिलनाडु एक्सप्रेस समेत कई थ्रू-ट्रेन निकलती हैं रोजाना

रेलवे ट्रैक पर मवेशियों के कारण कई ट्रेन, जो थ्रू निकलती है उन्हें खतरा रहता है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जंक्शन से वंदे भारत, तमिलनाडु एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेन निकलती हैं, जिन्हें मवेशी से ड्रिलमेंट होने का भी खतरा रहता है।

Updated on:
9 Nov 2026, 1:13 PM IST
Published on: