एनएसजी-3 श्रेणी में शामिल स्टेशन पर इसी माह से शुरू होगा निर्माण कार्य, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
बीना. रेलवे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में बीना रेलवे स्टेशन का बड़ा कायाकल्प होने जा रहा है। एनएसजी-3 श्रेणी में शामिल बीना स्टेशन पर इसी माह से निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। करीब 99.37 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित कार्य जून 2027 तक पूरा करना तय किया गया है।
योजना के तहत जंक्शन पर नया स्टेशन भवन बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर प्रतीक्षालय, टिकट व्यवस्था और सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास की सुविधा मिल सकेगी। स्टेशन भवन को आधुनिक डिजाइन के साथ विकसित किया जाएगा, जिससे इसका स्वरूप भी आकर्षक नजर आएगा। परियोजना में 12 बाय 75 यानी लगभग 900 वर्गमीटर क्षेत्र में नया कॉनकोर्स एरिया तैयार किया जाएगा, इससे यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी और प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। वर्तमान प्लेटफॉर्मों का नवीनीकरण एवं उन्नयन भी किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर बैठने, प्रकाश और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
12 मीटर चौड़ा होगा नया फुटओवरब्रिज
स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ाई वाला नया फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक सुरक्षित और आसान आवागमन मिल सकेगा। इसके अलावा स्टेशन परिसर में छह लिफ्ट और छह एस्केलेटर लगाए जाएंगे, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
पार्किंग क्षेत्र का होगा विस्तार
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पोर्च ड्रॉप एवं पिकअप-वे की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे वाहन आवागमन व्यवस्थित रहेगा। स्टेशन परिसर में पार्किंग क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा और व्यावसायिक (कमर्शियल) क्षेत्र भी विकसित होगा, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जीआरपी, आरपीएफ थाना होंगे प्लेटफॉर्म से बाहर
वर्तमान में जीआरपी और आरपीएफ थाना एक और दो नंबर प्लेटफॉर्म के बीच संचालित हो रहे हैं और नया स्टेशन बनने पर इन्हें बाहर कर दिया जाएगा। स्टेशन पर थाना होने के कारण पुलिसकर्मी परेशान रहते हैं। लगातार हॉर्न बजने से पुलिसकर्मी बीमार हो रहे हैं और चिड़चड़ापन आ रहा है। कई बार प्लेटफॉर्म से थाना को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग भी की जा चुकी है। नया स्टेशन बनने के बाद पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी।