
सागर. जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक पारुल साहू पर कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविंद सिंह राजपूत द्वारा किए गए कमेंट के बाद से लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है। महिला भाजपा विधायक ने इसे एक महिला का अपमान बताते हुए न्याय की गुहार लगाई जा रही है। इसी के तहत मंगलवार को पारुल साहू ने दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान दिल्ली महिला मोर्चा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी उनके साथ विरोध में मौजूद रहीं। यह प्रदर्शन दिनभर चला। इधर, मंगलवार को ही गोविंद सिंह राजपूत ने मीडिया के सामने अपने बयान पर कायम रहने की बात कही। जबकि महिला कांग्रेस ने राजपूत के समर्थन में आगे आकर सागर में मीडिया के सामने बात रखी। उधर, उज्जैन सहित अन्य जगहों पर भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध में ज्ञापन सौंपे और प्रदर्शन किया।
सुबह से ही शुरू किया प्रदर्शन
सुरखी विधायक पारुल साहू ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दिल्ली महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पाराशर व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस कार्यालय के लिए निकलीं। जहां पहुंचते ही सभी ने प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान महिलाओं में आक्रोश देखने को मिला। यह प्रदर्शन शाम तक चलता रहा। पारुल साहू का कहना था कि गोविंद राजपूत द्वारा दारूवाली कहकर न सिर्फ उनका, बल्कि उनके पद और महिला का अपमान किया गया है। इससे वे काफी आहत हैं। मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
उज्जैन में गोविंद राजपूत का विरोध
इधर उज्जैन में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा एक रैली निकाली गई। जिसमें कांग्रेस नेता गोविंद राजपूत के विरुद्ध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक उज्जैन को गोविन्द राजपूत के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति रही।
यहां कांग्रेस नेत्रियों ने किया पारुल के विरुद्ध प्रदर्शन
सागर के अलावा अन्य क्षेत्रों में महिला कांग्रेस द्वारा गोविंद राजपूत के बयान का समर्थन करते हुए पारुल साहू के विरुद्ध प्रदर्शन किया। सागर में महिला कांग्रेस ने मीडिया से चर्चा के दौरान भाजपा और पारुल को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस की पूर्व महिला प्रदेश मंत्री मनीषा दुबे ने विधायक पारुल साहू मामले पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब बीजेपी विधायक को कांग्रेस से ही है न्याय की अपेक्षा है। पारुल का क्षेत्र में जनाधार खिसकने से आहत वर्तमान विधायक अनर्गल प्रलाप कर रही हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही।
गोविंद राजपूत बोले : उनके पिता हैं शराब व्यवसायी
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व सुरखी से पूर्व विधायक गोविंद राजपूत ने कहा कि मैं अपनी टिप्पणी पर अब भी कायम हूं। मैंने सीधे तौर पर विधायक को दारूवाली नहीं कहा, विधायक साहू इसे तोड़ मरोड़कर पेश कर रही हैं। बुंदेलखंड में व्यवसायियों को उनके व्यवसाय से पहचाना जाता है। विधायक के पिता का शराब कारोबार है। जहां तक पुलिस केस का सवाल है तो इसका जवाब कोर्ट में देंगे।