सागर

जमीन अधिग्रहण न होने से रुका ब्रिज का निर्माण, दो साल से चल रही है प्र​क्रिया

अधूरे ब्रिज से यातायात हो रहा बाधित, रेलवे गेट बंद होने से खड़े रहते हैं वाहन चालक, बारिश में बढ़ जाती है मुसीबत

2 min read
Jun 04, 2026
Bridge construction stalled due to lack of land acquisition, process underway for two years
अधूरा ब्रिज। फोटो-पत्रिका

बीना. आगासौद रोड पर बने रहे ओवरब्रिज का अधूरा कार्य वाहन चालकों के लिए मुसीबत बना हुआ है। क्योंकि यहां पीडब्ल्यूडी को जमीन नहीं मिल पा रही है। जमीन न मिलने पर अनिवार्य भू-अर्जन की प्रक्रिया भी करीब दो वर्ष से चल रही है, लेकिन अभी तक यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई है।
पीडब्ल्यूडी ब्रिज विभाग द्वारा ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है, जो गुना और झांसी रूट के रेलवे ट्रैक के ऊपर बनना है। रेलवे ट्रैक के एक तरफ पीडब्ल्यूडी का कार्य पूर्ण हो चुका है और दूसरी ओर रिटेनिंग वॉल बन चुकी है, लेकिन बीच में एक किसान की जमीन को लेकर काम रुका हुआ है। किसान द्वारा जमीन न देने पर प्रशासन ने अनिवार्य भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन अभी तक वह पूरी नहीं हो पाई है। ब्रिज अधूरा होने के कारण वहां से निकलने वाले वाहन चालक परेशान हो रहे हैं और रेलवे गेट बंद होने से वहां खड़े होना पड़ता है। अधिकारी जल्द ही जमीन को लेकर अवॉर्ड घोषित होने की बात कह रहे हैं। जबकि यह प्रक्रिया करीब दो वर्षों से चल रही है, लेकिन अभी तक अधिकारी निर्णय पर नहीं पहुंच पाए हैं। जमीन के छोटे से टुकड़ा के कारण ब्रिज का कार्य रुका हुआ है।

रेलवे की लापरवाही भी निर्माण में करेगी देरी
रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ रेलवे को ब्रिज का कार्य करना है, लेकिन अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है। यदि भू-अधिग्रहण हो भी जाता है, तो रेलवे की लापरवाही के कारण निर्माण में देरी होगी। रेलवे की लापरवाही के कारण खिमलासा रोड पर बन रहा ब्रिज बारिश पूर्व चालू नहीं हो पाया है।

जमीन अधिग्रहण के पहले कर दिया निर्माण शुरू
कोई निर्माण कार्य शुरू करने के पहले जमीन संबंधी कार्य पूरा किया जाता है, लेकिन यहां जब काम आधा हो गया है, तब यह कार्य किया जा रहा है। यदि पहले यह प्रक्रिया पूर्ण गई होती, तो अभी तक ब्रिज तैयार हो जाता है।

जल्द अवॉर्ड घोषित होना है
आगासौद रोड पर बन रहे ओवरब्रिज में अनिवार्य भू-अर्जन की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो गई है और जल्द ही अवॉर्ड घोषित होना है।
साधना सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी ब्रिज

Published on:
04 Jun 2026 12:25 pm