
भोपाल हाइवे पर बदौना तिगड्डा के नजदीक हुआ हादसा
सागर. भोपाल हाइवे पर बदौना गांव के पास शुक्रवार दोपहर बस और ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। मोतीनगर थाने से पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को बीएमसी पहुंचाया जहां ८ लोगों को इलाज के लिए भर्ती किया गया। पुलिस ने बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने और यात्रियों की जान को खतरे में डालने के कारण उसके विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार राहतगढ़ की ओर से आ रही निजी कंपनी की बस हाइवे पर जब बदौना गांव के जोड़ के पास मोड़ पर पहुंची तभी तेज रफ्तार ट्रक सामने आ गया। बस और ट्रक के ड्राइवर वाहनों को काबू नहीं कर पाए और दोनों सामने जा भिड़े। टक्कर के बाद बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, बस में सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।
सूचना पर मोतीनगर थाने से एम्बुलेंस, डायल-१०० और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इनमें भोपाल के गांधीनगर निवासी जितेन्द्र मालवीय (२८),नीतू पुत्री बलराम चढ़ार (२०) सदर सागर, अखिलेश तिवारी (२६) जैसीनगर, नर्बदा प्रसाद (५४) और सुमत रानी (५०) ढकराई सीहोरा, नत्थी बाई पत्नी रतन सिंह (७०) सीहोरा, गीता ठाकुर (४०) सेमरा, माखन सिंह बिंद्रा इमलिया हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज कर घर भेजा गया है।
बीएमसी पहुंचे मोतीनगर टीआई अनिल मौर्य ने घायलों से दुर्घटना की वजह के संबंध में चर्चा की। घायलों ने बताया कि बदौना तिराहे के पास बस के ड्राइवर ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक किया तभी अचानक सामने दूसरा ट्रक आ गया। बस ड्राइवर कुछ समझ नहीं पाया और भिड़ंत हो गई। अधिकांश घायल इलाज के बाद बीएमसी से छुट्टी लेकर घर चले गए हैं। पुलिस ने बस चालक की लापरवाही को देखते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।