
कलेक्टर के अचानक पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में खामियां और शासकीय कार्यों में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए आवश्यक सुधार और कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सबसे पहले पतलौनी ग्राम पंचायत पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान रिकॉर्ड अधूरे मिलने और कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने तेजगढ़ के सचिव एवं सहायक सचिव को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कर्मचारियों को अपने कार्यों में सुधार लाने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं, रिकॉर्ड में कमियां और लापरवाही पाए जाने पर तेजगढ़ के राजस्व निरीक्षक (आरआई) को निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने पंचायत की अव्यवस्थाओं और शासकीय कार्यों में हो रही परेशानियों से कलेक्टर को अवगत कराया। इस पर उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि व्यवस्थाओं में सुधार कराया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद कलेक्टर तेजगढ़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने अपने हाथों से बच्चों को केले वितरित किए। अचानक कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
कलेक्टर ने पतलौनी स्कूल का भी निरीक्षण किया। यहां मध्यान्ह भोजन का मीनू प्रदर्शित नहीं होने पर उन्होंने प्राचार्य के प्रति नाराजगी जाहिर की और तत्काल मीनू लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए। बच्चों के भोजन और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।