सागर

बीना में दिनदहाड़े घर में चोरी, खेत पर गया था परिवार

Daylight House Theft: पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे बदमाश, करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 8:18 PM IST
bina chori
daylight house theft family went to farm jewellery cash stolen, जांच करने पहुंची पुलिस (Source-Patrika)

Bina Daylight House Theft: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बसाहारी दरवाजा वार्ड नंबर 3 में अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। परिवार घर में ताला लगाकर खेत पर काम करने गया था, इसी दौरान चोरों ने मकान में घुसकर करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात का खुलासा शाम को बेटी के घर पहुंचने पर हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

दोपहर में घर में चोरी की वारदात

पूरन पाल (50) ने अपने बेटे महेंद्र पाल के साथ खिमलासा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे वह परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर नितिन सोनी के खेत पर काम करने गए थे। शाम करीब 5.30 बजे उनकी बेटी रानी घर लौटी तो पीछे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। आशंका है कि बदमाश पीछे की ओर बनी करीब दो फीट ऊंची पत्थर की बाउंड्री लांघकर अंदर दाखिल हुए।

पलंग पेटी का ताला तोड़कर समेट ले गए जेवरात

घर के भीतर घुसे बदमाशों ने कमरे में रखी पलंग पेटी का ताला तोड़कर सोने की झुमकी, टॉप्स, चूड़ियां, हार, गुरिया, अंगूठी और पंचाली सहित चांदी की करधनी व पायलें चुरा लीं। इसके अलावा नकदी भी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है।

फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए सबूत

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अंगुलियों के निशान सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Updated on:
31 Oct 2026, 8:18 PM IST
Published on: