जल्द जारी होगा टेंडर, ट्रिपल पी मॉडल पर बनाया जाना है भवन, स्टार होम कॉलोनी के पास नपा की जमीन पर होगा निर्माण, नगर पालिका की बढ़ेगी आय, लोगों को मिलेंगी सुविधाएं
बीना. शहर में पीपीपी मॉडल (सार्वजनिक-निजी भागीदारी) के तहत गीता भवन तैयार कराने का प्रस्ताव नगर पालिका परिषद में पिछले वर्ष अक्टूबर माह में पारित हुआ था। इसके बाद भवन की डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी हुआ था, लेकिन दो टेंडर एक समान दरों के होने के कारण टेंडर निरस्त कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार स्टार होम कॉलोनी बाईपास रोड पर स्थित नगर पालिका की पांच एकड़ जमीन पर गीता भवन बनाया जाना है। भवन में ऑडिटोरियम, हॉल, पुस्तकालय, कैंटीन सहित व्यवसायिक कार्य के लिए जगह दी जाएगी। ट्रिपल पी मॉडल पर बन रहे भवन में बैंकों की सहभागिता पर सीएमओ ने बैंक अधिकारियों से सहमति मांगी थी, जिसमें करीब तीन बैंक सहमति दे चुके हैं। इस भवन में यदि बैंक शिफ्ट होंगे, तो शहर के मुख्य मार्गों पर आ रही पार्किंग सहित अन्य समस्याएं खत्म हो जाएंगी और एक ही परिसर में सभी बैंक होने से खाताधारकों को भी परेशानी नहीं होगी। साथ नपा की आय बढ़ जाएगी। ट्रिपल पी मॉडल पर होने वाला शहर का एक पहला बड़ा कार्य है। भवन की डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर भी जारी हुआ था, जिसमें करीब 12 लोगों ने टेंडर डाले थे, लेकिन दो टेंडर 45-45 प्रतिशत बिलो थे, जो एक समान होने के कारण नियमानुसार टेंडर निरस्त कर दिए गए हैं और अब फिर से टेंडर जारी किया जाएगा।
ऑडिटोरियम, हॉल बनेगा
इस भवन में बैंक सहित व्यवसाय के लिए दुकानों के साथ-साथ ऑडिटोरियम और हॉल बनाया जाएगा, जिसमें लोग धार्मिक, सामाजिक आयोजन कर सकेंगे। क्योंकि शहर में अभी तक एक भी ऑडिटोरियम नहीं है। वर्तमान में शहर मेें यह स्थिति है कि यदि किसी को धार्मिक और सामाजिक आयोजन करना है, तो नगर पालिका का एक हॉल भी नहीं है। इसके लिए लोगों को ज्यादा रुपए खर्च कर होटल के हॉल किराए पर लेने पड़ते हैं। यदि नपा का हॉल होता, तो बहुत कम रुपयों में लोगों के लिए उपलब्ध होता।
जल्द होगा फिर से टेंडर
डीपीआर तैयार करने के लिए खोले गए टेंडरों में दो टेंडर के दाम एक समान होने कारण टेंडर निरस्त करना पड़ा है और अब फिर से टेंडर जारी किया जा रहा है।
राहुल कौरव, सीएमओ, बीना