
बीना. शहर में एक दिन हुई तेज बारिश ने नगर पालिका के ड्रेनेज सिस्टम और बारिश पूर्व नाले-नालियों की सफाई के दावों की पोल खोल दी है। शहर की सड़कों पर जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को हुई बारिश में कई स्थानों पर पानी की निकासी नहीं होने से सडक़ें तालाब जैसी नजर आने लगीं थीं। खुरई रोड से आने वाले पानी की सही निकासी न होने से सर्वोदय चौराहा पर पानी जमा हो रहा है, जिससे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है। सड़क पर पानी भर जाने से दुर्घटना का भी डर बना रहता है। इसी तरह कच्चे रोड पर भी नालियों की सफाई न होने से बारिश में गंदा पानी सड़कों पर आ रहा है। साथ ही सडक़ किनारे बने मकान व दुकानों में पानी भरने से गंदगी फैल रही है। यहां कुछ लोग नाली पर अतिक्रमण भी किए हुए हैं, जिससे सफाई भी नहीं हो रही है।
विशेष सफाई अभियान की है जरूरत
शहरवासियों का कहना है कि जिन स्थानों पर जलभराव हुआ है उन स्थानों को चिह्नित कर तत्काल नाले-नालियों की सफाई कराई जाए और स्थायी रूप से निकासी की व्यवस्था सुधारी जाए। यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो लगातार बारिश के दौरान शहरवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
नालियों का निर्माण भी रुका
खुरई रोड पर दोनों तरफ नालियों का निर्माण होना है, लेकिन टेंडर होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ है। नालियां जाम होने से पानी सड़कों पर भरता है। यदि बारिश में नालियों का निर्माण हो जाता, तो इस समस्या से निजात मिल जाती।
पिछले वर्ष घरों में भर गया था पानी
ड्रेनेज सिस्टम खराब होने के कारण पिछले वर्ष भी कई जगह बाढ़ की स्थिति बनी थी और अपर कलेक्टर ने निरीक्षण कर ड्रेनेज सिस्टम बनाने के लिए निर्देशित किया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
चल रहा है सफाई कार्य
जिन जगहों पर सडक़ों पर पानी भर रहा है, वहां नालियों की सफाई कर पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है। कई जगहों नालियां पुरानी होने और सफाई के लिए जगह न होने से परेशानी आ रही है।
मनोज नामदेव, सफाई प्रभारी