
तेंदूखेड़ा. गुरुवार से शुरू हुए इस धरने में आसपास के तीन दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण शामिल होकर पुल निर्माण अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
धरना स्थल पर दूसरे दिन पहुंचे पूर्व विधायक प्रताप सिंह ने ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि पुल टूटे हुए करीब 15 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना शासन-प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए और निर्माण पूरा होने तक आवागमन के लिए पुख्ता वैकल्पिक मार्ग बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को 25 से 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर न लगाना पड़े।
धरने पर बैठे चंद्रभान सिंह लोधी ने कहा कि पुल नहीं होने से हजारों ग्रामीण प्रभावित हैं। इस समस्या के कारण तीन लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन शासन-प्रशासन ने अब तक गंभीरता नहीं दिखाई। अरविंद सिंह नन्हे राजा ने कहा कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। वहीं नरेश सिंह लोधी ने बताया कि खेती-किसानी के काम के लिए भी 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है तथा बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक पुल निर्माण शुरू नहीं होता अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
धरने में चंद्रभान सिंह लोधी, अरविंद सिंह नन्हे राजा, नरेश सिंह लोधी, मुलाम सिंह, ओमकार विश्वकर्मा, प्रदीप ठाकुर, आकाश हजारी, शानू खान, मुन्नालाल रैकवार, राजू आदिवासी, गनेश आदिवासी, लेखन सिंह, शैलेश कुमार जैन, मोहन साहू, सतेंद्र सिंह, खिलान सिंह, आनंद यादव, सुनील यादव, लक्ष्मण सिंह, साहब सिंह, गोविंद अहिरवार, राम चरण आदिवासी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।