शहर की सबसे पॉश कॉलोनियों में से एक सनराइज मेगा सिटी कॉलोनी में हुई चोरी का खुलासा करने में सागर पुलिस का दम फूलने लगा है। हालत यह है कि पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं।
शहर की सबसे पॉश कॉलोनियों में से एक सनराइज मेगा सिटी कॉलोनी में हुई चोरी का खुलासा करने में सागर पुलिस का दम फूलने लगा है। हालत यह है कि पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सबूत नहीं लगे हैं। घटना के पांच दिन बाद भी पुुलिस मुखबिर तंत्र सक्रिय होने और जांच करने की बात कह रही है। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।
कॉलोनियों में रहने वाले लोगों ने चोरों के एक-दो नहीं बल्कि एक दर्जन सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। कुछ फुटेज ऐसे भी हैं, जिनसे पुलिस को आरोपियों की शिनाख्ती आदि करने में बहुत हद तक मदद मिल सकती है, फिर भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
शहर की पॉश कॉलोनी से जुड़ा मामला होने और अब तक पुलिस के हाथ खाली होने के कारण सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने शुक्रवार को सनराइज मेगा सिटी कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा की और फिर पुलिस अधिकारियों से प्रकरण में अपडेट जाना। विधायक जैन ने कहा कि सबसे पहले कॉलोनी की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर प्रो. गिरीश मोहन दुबे, प्रो. विनोद दीक्षित, रामाधार तिवारी, रीतेश दुबे, अखलेश मिश्रा, संजय राजपूत, आशुतोष तिवारी समेत अन्य उपस्थित रहे।