सागर

गेहूं खरीदी के लिए बने सात केन्द्र, 287 किसानों के स्लॉट बुक, एक किलो भी नहीं हुई खरीदी, किसानों में बढ़ रहा आक्रोश

चना, मसूर के सभी केन्द्रों पर बारदाना हुआ खत्म, तौल बंद, किसान हो रहे परेशान, तकनीकी समस्याएं नहीं हो पा रहीं दूर, किसानों में बढ़ आक्रोश, करेंगे प्रदर्शन

2 min read
Apr 19, 2026
तौल बंद होने से खड़े उपज से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली। फोटो-पत्रिका

बीना. बार-बार तारीख बढ़ने के बाद 15 अप्रेल से गेहूं की तौल शुरू होनी थी, लेकिन शनिवार तक एक भी केन्द्र पर खरीदी शुरू नहीं हो पाई है। कहीं स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं, तो कहीं किसान गेहूं बेचने नहीं पहुंचे हैं। अब मंगलवार से खरीदी शुरू होने की उम्मीद है। खरीदी में देरी होने के कारण किसान मंडी में गेहूं बेच रहे हैं। वहीं, चना व मसूर के खरीदी केन्द्रों पर बारदाना खत्म होने से तौल रूक गई है।
जानकारी के अनुसार गेहूं खरीदी सात केन्द्रों पर होनी है और 287 किसानों ने स्लॉट बुक कराए हैं, लेकिन एक भी किसान का गेहूं नहीं खरीदा गया है। केन्द्रों पर खरीदी की तैयारी भी कर ली गई है और बारदाना भी उपलब्ध कराया गया है। जिन किसानों के स्लॉट बुक हो गए हैं, उनकी खरीदी मंगलवार से शुरू हो सकती है। वहीं, स्लॉट बुक करने में सेटेलाइट से असत्यापित होने का मैसेज अभी भी आ रहा है, उसमें भी सुधार नहीं हो रहा है। खरीदी में हो रही देरी से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसान यूनियन संभागीय अध्यक्ष सीताराम ठाकुर ने बताया कि सेटेलाइट द्वारा असत्यापित खेत की नरवाई और भूसा लेकर आज प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों को बताएंगे कि खेत में गेहूं की बोवनी की गई थी।

मंडीबामोरा में बनाया गया केन्द्र
पहले रामपुर, किर्रावदा, बिलाखना, बीना इटावा, भानगढ़, पुरैना समिति को खरीदी केन्द्र मिले थे। मंडीबामोरा में केन्द्र नहीं बताया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र के किसान परेशान हो रहे थे। इसके बाद मंडीबामोरा समिति भी अब यमुना वेयरहाउस में खरीदी करेगी।

पहले छोटे किसानों की तौल का नियम बना परेशानी
इस वर्ष समर्थन मूल्य पर छोटे किसानों की उपज पहले खरीदी जा रही है। यह नियम भी परेशानी का सबब बना है। पहले ही खरीदी में देरी हो रही है और बड़े किसानों को इसके बाद भी इंतजार करना पड़ेगा। कुछ किसानों ने मंडी में कम दामों पर ही गेहूं बेच दिए हैं।

इधर, बारदाने की कमी ने रोकी तौल
चना, मसूर की खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन बारदाने की कमी से सात में तीन में शुक्रवार को तौल रूक गई थी और अन्य केन्द्रों पर शाम को बारदाना खत्म हो गया था। मंगलवार तक बारदाना आने की उम्मीद है और फिर तौल हो सकेगी। किसानों को केन्द्र संचालकों ने जानकारी लेकर केन्द्र पर आने के लिए कहा है।

चमक विहीन गेहूं न खरीदने का आदेश
इस वर्ष गेहूं की खड़ी फसल पर हुई बारिश के कारण चमक चली गई है और शासन से आदेश है कि यह गेहूं नहीं खरीदना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्योंकि अधिकांश किसानों के गेहूं की चमक बारिश से चली गई है।

मंगलवार तक आ जाएगा बारदाना
मसूर, चना के लिए बारदाना मंगलवार तक पहुंच जाएगा। साथ ही चमक विहीन गेहूं की खरीदी हो सके इसके लिए 15 से 20 प्रतिशत तक छूट देने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है, जिसके जल्द ही आदेश आने की उम्मीद है।
राजेश त्रिपाठी, उपसंचालक, कृषि

Published on:
19 Apr 2026 12:14 pm
Also Read
View All