सागर

राजनगर जनपद क्षेत्र की 3 गोशालाओं में सन्नाटा, कागजों में 100 से ज्यादा पशु और मौके पर गिनती के मवेशी

छतरपुर: गोवंश संरक्षण के नाम पर सरकार द्वारा लाखों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर गोशालाओं की स्थिति ठीक नहीं है। राजनगर जनपद पंचायत क्षेत्र की गोशालाओं से सामने आई तस्वीरें सरकार
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:00 PM IST
Sagar News

गोवंश संरक्षण के नाम पर सरकार द्वारा लाखों रुपए खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर गोशालाओं की स्थिति ठीक नहीं है। राजनगर जनपद पंचायत क्षेत्र की गोशालाओं से सामने आई तस्वीरें सरकारी व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। एक तरफ सरकारी रिकॉर्ड में गोशालाओं के अंदर 100 से अधिक गोवंश दर्ज बताए जा रहे हैं, वहीं मौके पर पहुंचने पर कई गोशालाओं में गोवंश का नामोनिशान तक नहीं मिला और कुछ जगहों पर दर्ज संख्या के मुकाबले बेहद कम गोवंश मौजूद पाए गए। यह अंतर केवल लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि गोवंश के नाम पर होने वाले सरकारी भुगतान की पारदर्शिता पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है।

तीन पंचायतों की गोशालाएं पूरी तरह खाली, दो जगह नाममात्र के गोवंश जमीनी पड़ताल के दौरान सामने आए आंकड़े और सरकारी दस्तावेजों के दावे बिल्कुल विपरीत दिखाई दिए. इमलहा, मझगुवां और बैंडरी-देवगांव: इन तीनों ग्राम पंचायतों की गोशालाओं में मौके पर एक भी गोवंश नहीं मिला और शेड पूरी तरह खाली पड़े रहे।

सलैया गोशाला: ग्राम पंचायत सलैया की गोशाला में महज 6 गोवंश ही मौजूद पाए गए। कदौहां गोशाला: ग्राम पंचायत कदौहां की गोशाला में केवल 16 गोवंश ही मिले। कागजी आंकड़े: इसके विपरीत सरकारी दस्तावेजों में इन गोशालाओं में 100 से अधिक गोवंश दर्ज होने की बात सामने आई है।

सवाल यह उठ रहा है कि जब गोशालाओं में पशु ही मौजूद नहीं हैं, तो उनके भरण-पोषण के लिए दर्ज संख्या के आधार पर होने वाले भुगतान का हिसाब किस तरह तय किया जा रहा है और रिकॉर्ड व मौके पर मौजूद गोवंश की संख्या अलग-अलग होने पर जिम्मेदारी क्यों तय नहीं हो रही है।

डॉक्टरों की निरीक्षण रिपोर्ट और 21 पंचायतों की व्यवस्था पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने पशु विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गोशालाओं के निरीक्षण के दौरान वास्तविक गोवंश की संख्या का सही आकलन करने के बजाय दस्तावेजों में सैकड़ों गोवंश दर्ज कर दिए जाते हैं, जिससे डॉक्टरों की जांच रिपोर्ट भी सवालों के घेरे में है। चूंकि गोशालाओं में गोवंश के भरण-पोषण का भुगतान डॉक्टरी रिपोर्ट के बाद ही होता है, इसलिए इस पूरे खेल में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राजनगर जनपद पंचायत क्षेत्र की 21 ग्राम पंचायतों में गोशालाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनकी जिम्मेदारी स्व-सहायता समूहों को दी गई है। शासन की ओर से गोवंश के भरण-पोषण के लिए 40 रुपए प्रति गोवंश प्रतिदिन का मानदेय तय है, जिससे चारा, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होती हैं। इसके बावजूद गोशालाओं के खाली पड़े रहने से यह जांच का विषय बन गया है कि गोवंश के नाम पर मिलने वाली राशि का उपयोग किस काम में किया जा रहा है।

भौतिक सत्यापन और पिछले भुगतानों की जांच की मांग

क्षेत्रीय लोगों और ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि हर महीने भुगतान से पहले पशु विभाग के अधिकारी और जनपद पंचायत के जिम्मेदार कर्मचारी नियमित रूप से भौतिक सत्यापन करते हैं, तो खाली गोशालाओं की सच्चाई अब तक सामने क्यों नहीं आई। ग्रामीणों ने सभी गोशालाओं का मौके पर जाकर निष्पक्ष भौतिक सत्यापन कराने, सरकारी रिकॉर्ड का वास्तविक गोवंश से मिलान करने और पिछले महीनों में किए गए भुगतानों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

जिम्मेदार का बयान

गोशालाओं की जांच कराई जाएगी। जांच में जो बिंदु सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

नम: शिवाय अरजरिया, जिला सीईओ, छतरपुर

Updated on:
28 Nov 2026, 12:00 PM IST
Published on: