28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Sagar / दो माह से पेंशन को तरस रहे 37 हजार बुजुर्ग, खातों में नहीं पहुंची राशि

दो माह से पेंशन को तरस रहे 37 हजार बुजुर्ग, खातों में नहीं पहुंची राशि

पिछले कुछ समय से सरकार की वित्तीय हालत ठीक नहीं लग रही है। कभी पंचायत के कर्मचारियों का वेतन रुक जाता है तो कभी पंचायतों में बजट का अभाव हो जाता है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सागर

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 11:39 AM IST

Madhya Pradesh News

इस बीच परिवार पेंशन के हितग्राही लगातार परेशान दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में जतारा और पलेरा विकासखंड में करीब 37 हजार पेंशनधारियों को पिछले दो माह से सामाजिक सुरक्षा एवं वृद्धावस्था पेंशन की राशि न मिलने का मामला फिर से सामने आया है। पेंशन के सहारे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने वाले बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांग आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राष्ट्रीय इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं के हितग्राही लंबे समय से राशि का इंतजार कर रहे हैं। पेंशन नहीं मिलने से कई बुजुर्गों के सामने दवा, भोजन और अन्य जरूरी खर्चों को लेकर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशन ही अनेक बुजुर्गों की आर्थिक मदद का प्रमुख सहारा है, लेकिन दो माह से राशि नहीं मिलने के कारण उन्हें दूसरों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

दोनों अनुभाग में रुकी पेंशन

जानकारी के अनुसार जतारा विकासखंड में राष्ट्रीय इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना के 15,484 हितग्राही हैं, जबकि राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 9,580 बुजुर्ग लाभान्वित होते हैं। वहीं पलेरा विकासखंड में करीब 12 हजार पेंशनधारी हैं। दोनों विकासखंडों के लगभग 37 हजार हितग्राहियों को पेंशन नहीं मिलने से परेशानी बनी हुई है।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

पेंशन वितरण में देरी को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवीन साहू ने आरोप लगाया कि कर्ज में डूबी सरकार बुजुर्गों की उपेक्षा कर रही है। सरकार लाड़ली बहनों को हर माह राशि देने का प्रचार कर रही है, लेकिन बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन तक समय पर उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को उनकी पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि यह राशि उनके जीवनयापन के लिए बेहद जरूरी है। सरकार को पेंशनधारियों की परेशानी समझते हुए तत्काल भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।

तकनीकी गड़बड़ी से अटका भुगतान

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पेंशन भुगतान में देरी के पीछे तकनीकी गड़बड़ी, ई-केवाईसी अधूरी होना, आधार और बैंक खाते की लिंकिंग, डीबीटी प्रक्रिया में समस्या तथा दस्तावेजों में त्रुटियां जैसे कारण हो सकते हैं। ऐसे मामलों में हितग्राहियों की जानकारी का सत्यापन और बैंक खातों की जांच कराई जा रही है।

क्या कहते हैं अधिकारी

सामाजिक सुरक्षा पेंशन अधिकारी नितिन पचौरी ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते पिछले दो माह से हितग्राहियों के खातों में पेंशन की राशि नहीं पहुंच पाई है। पेंशनधारियों की केवाईसी और डीबीटी संबंधी प्रक्रिया कराई जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन की ओर से हितग्राहियों के खातों में पेंशन राशि भेजी जाएगी।