सागर

भाजपा के पूर्व विधायक के घर इनकम टैक्स का छापा मारने पहुंची टीम, मिल गए मगरमच्छ, वन विभाग ने किए रेस्क्यू

MP News : आइटी सर्वे के बाद वन विभाग ने भाजपा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के बंगले में स्थित तालाब से पकड़े 2 मगरमच्छ। 3 घंटे बंगले में रेस्क्यू करती रही टीम, पकड़े गए मगरमच्छों को डैम में छोड़ेगे।

2 min read
Jan 11, 2025

MP News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के अंतर्गत आने वाले बंडा से भाजपा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के बंगले पर आयकर विभाग के सर्वे के बाद वन विभाग के अमले ने 2 मगरमच्छों का रेस्क्यू किया। आयकर के सर्वे के दौरान बंगला परिसर में मगरमच्छ पले होने का खुलासा हुआ था, जिसकी जानकारी उन्होंने वन विभाग को दी। इसके बाद शुक्रवार को पहुंची उत्तर वन मंडल की टीम ने 2 मगरमच्छों का रेस्क्यू किया। राठौर के बंगले पर एक बार फिर सरकारी अमला के पहुंचने की जानकारी लगते ही बाहर भीड़ जमा हो गई।

उत्तर वन मंडल का अमला दल-बल के साथ दोपहर करीब 3.30 बजे झांसी रोड स्थित राठौर के बंगले पहुंच गया। मगरमच्छों का रेस्क्यू करने में तीन घंटे से ज्यादा समय लग गया। जानकारी के अनुसार बंगला परिसर में बने कुंड में 5 मगरमच्छ मौजूद थे, लेकिन वन विभाग ने उसमें से 2 का ही रेस्क्यू किया है। इस दौरान वन्य जीवों से संबंधित कुछ दस्तावेज भी विभाग को मिले हैं। जिनकी पड़ताल की जा रही है।

पांच दशक से ज्यादा समय से बंगले में पल रहे मगरमच्छ

बंगले में मगरमच्छ आदि पाले जाने की बात से सागर से लेकर भोपाल तक हड़कंप की स्थिति है। हालांकि बाहरी लोगों को भले ही बंगले में मगरमच्छ की बात हैरान करने वाली लगे लेकिन राठौर परिवार समय-समय पर यह दावा करता रहा है कि उनके पास वन्यजीवों के अवशेष व मगरमच्छ को लेकर सभी प्रकार के दस्तावेज हैं। वे इस बात की जानकारी 1980 व 90 के दशक में वन विभाग को दे चुके हैं, उसके बाद से कई बार उन्हें सूचना दी गई। नाम न छापने की शर्त पर स्थानीय लोगों ने बताया कि राठौर बंगला में 50-60 साल से मगरमच्छ पाले जा रहे हैं। पहले यहां पर छोटा चिडिय़ाघर भी था, जिसे देखने के लिए शहर भर से लोग जाते थे।

Updated on:
11 Jan 2025 10:03 am
Published on:
11 Jan 2025 09:47 am
Also Read
View All

अगली खबर