सागर

नियमित चालू नहीं हो पा रही बीना की खिमलासा उपमंडी, सिर्फ शनिवार को डाक की हुई है शुरुआत

बुंदेलखंड पैकेजे से एक करोड़ से बनाई गई है मंडी, लेकिन नहीं हो रही आय, नियमित डाक होने पर मंडी को मिलेगा राजस्व, बीना मंडी में आवक बढ़ने पर होने वाली परेशानी भी होगी कम
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 11:56 AM IST
Khimlasa sub-market in Bina fails to become fully operational only daak
खिमलासा उपमंडी में शनिवार को हुई डाक। फोटो-पत्रिका

बीना. खिमलासा क्षेत्र के किसानों को सुविधा देने के लिए बुंदेलखंड पैकेज के तहत उप कृषि उपज मंडी एक करोड़ रुपए खर्च कर बनाई गई थी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी मंडी नियमिति रूप से शुरू नहीं हो पाई है।
दरअसल खिमलासा सहित आसपास के दर्जनों गांव के हजारों किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए उपमंडी बनाई गई है, लेकिन यहां नियमित डाक नहीं हो रही है। पिछले कुछ दिनों से शनिवार को डाक की शुरुआत सचिव ने कराई है, लेकिन अभी तक नियमित डाक शुरू नहीं हो पाई है। जबकि एक करोड़ खर्च कर यहां मंडी में टीनशेड सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और एक उप निरीक्षक व दो सुरक्षा गार्ड भी नियुक्त हंै। पिछले सालों में भी दिन निर्धारित कर डाक शुरू की गई थी, लेकिन कुछ दिनों में ही डाक बंद हो गई थी। जबकि किसानों की संख्या के अनुसार यहां नियमित डाक की जरूरत है।

चार व्यापारी हैं मंडी में


उपमंडी में चार व्यापारी हैं और यह संख्या कई प्रयासों के बाद भी नहीं बढ़ पा रही है। यदि संख्या बढ़े, तो नियमित डाक शुरू हो सकती है। वहीं, मंडी प्रबंधन ने अनाज रखने के लिए पर्याप्त गोदामें भी नहीं बनाई गई हैं, जिससे व्यापारी मंडी में नहीं जाना चाहते हैं। मंडी में सिर्फ एक गोदाम है। जबकि बीना मंडी में व्यापारियों को दुकानों के साथ में ही गोदाम उपलब्ध कराई गई हैं।

बीना मंडी में होते हैं किसान परेशान


रबी और खरीफ सीजन की फसल की ज्यादा आवक होने पर बीना मंडी में किसान परेशान हो जाते हैं और डाक के लिए इंतजार करना पड़ता है। यदि उपमंडी में डाक शुरू हो जाए, तो बीना मंडी में किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा, क्योंकि उस क्षेत्र के किसानों को यहां नहीं आना पड़ेगा। साथ ही सीजन पर बीना मंडी में व्यवस्थाएं भी नहीं बिगड़ेंगी।

शनिवार को रही है डाक


पिछले कुछ दिनों से शनिवार को खिमलासा उप मंडी में डाक शुरू की गई है और सीजन पर सप्ताह में तीन या चार दिन डाक कराई जाएगी। व्यापारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में चर्चा भी की गई है।
राजकुमार ठाकुर, सचिव, कृषि उपज मंडी, बीना

Updated on:
21 Nov 2026, 11:56 AM IST
Published on: